स्मार्ट सिटी की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल, सँकरी पुलिया की वजह से लग रहा जाम

विडंबना स्मार्ट सिटी की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल, सँकरी पुलिया की वजह से लग रहा जाम

Safal Upadhyay
Update: 2023-03-28 10:18 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्मार्ट सिटी ने 24 करोड़ रुपए की लागत से घमापुर से रांझी के बीच फोरलेन सड़क का काम पूरा कम्प्लीट कर लिया है, लेकिन घमापुर में सँकरी पुलिया को चौड़ा नहीं किया गया। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी स्मार्ट सिटी के अधिकारी पुलिया को चौड़ा नहीं कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी की इस कार्यप्रणाली पर नागरिक सवाल उठा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि स्मार्ट सिटी को किसी भी काम को अधूरा नहीं छोड़ना चाहिए। 

उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी ने घमापुर से रांझी के बीच फोरलेन सड़क का काम वर्ष 2019 में शुरू किया था। फोरलेन सड़क बनाने के साथ ही घमापुर की पुलिया का चौड़ीकरण भी शामिल था। स्मार्ट सिटी ने तीन साल में फोरलेन सड़क का काम तो पूरा कर लिया, लेकिन पुलिया के चौड़ीकरण का काम छोड़ दिया। पुलिया सँकरी होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ पर आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं। इसके बाद भी पुलिया का चौड़ीकरण नहीं किया जा रहा है। 

अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान 

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि स्मार्ट सिटी के अधिकारी घमापुर-रांझी फोरलेन की पुलिया को चौड़ा करने में बिल्कुल भी रुचि नहीं ले रहे हैं। इसके कारण पुलिया चौड़ीकरण का काम अधर में लटका हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले में ध्यान देना चाहिए, तभी पुलिया चौड़ीकरण का काम हो पाएगा।

पुलिया सँकरी होने का बोर्ड भी नहीं लगाया  

हैरानी वाली बात यह है कि स्मार्ट सिटी ने दोनों तरफ पुलिया सँकरी होने का बोर्ड तक नहीं लगाया। इसके कारण वाहन चालकों को यह पता नहीं चलता है कि यहाँ पर पुलिया सँकरी है। इसकी वजह से कई बार वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है। कई वाहन चालक दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि स्मार्ट सिटी को सड़क के दोनों तरफ पुलिया सँकरी होने का बोर्ड लगाना चाहिए, ताकि दुर्घटना में कमी लाई जा सके। 

स्मार्ट सिटी ने घमापुर के पास पुलिया चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया था। यहाँ पर विवाद सामने आने लगे हैं। विवादों के निराकरण के बाद पुलिया चौड़ीकरण का काम फिर से शुरू किया जाएगा। 
-कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री   


 

Tags:    

Similar News