8 लाख के गांजा से भरी गाड़ी जंगल में छोड़कर भागे तस्कर, पुलिस ने किया जब्त

8 लाख के गांजा से भरी गाड़ी जंगल में छोड़कर भागे तस्कर, पुलिस ने किया जब्त

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-06 16:35 GMT
8 लाख के गांजा से भरी गाड़ी जंगल में छोड़कर भागे तस्कर, पुलिस ने किया जब्त

डिजिटल डेस्क, शहडोल। पुलिस ने स्कार्पियो वाहन से डेढ़ सौ किलो गांजा जब्त किया है। जब्त माल की कीमत आठ लाख रुपए बताई गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम वाहन का पीछा कर रही थी, स्वयं को बचाने के लिए जंगली रास्ते में वाहन छोड़कर चालक सहित अन्य आरोपी भाग निकले। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम द्वारा जयसिंहनगर के पास की गई। वाहन व गांजा को जब्त कर जयसिंहनगर थाने के सुपुर्द किया गया है।

भाग निकले आरोपी
पुलिस अधीक्षक कुमार सौरभ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बुढ़ार से एक वाहन गांजा लोडकर जयसिंहनगर की ओर निकली है। उन्होंने गोहपारू थाने के एसआई सुभाष दुबे व जयसिंहनगर में रौनक पवार को वाहन रोकने के निर्देश दिए। दोनों ने अपने साथ आरक्षक रोहित, हृदयेश भदौरिया व अन्य को लिया। जयसिंहनगर से थोड़ा पहले वाहन क्रमांक एमपी 18 सी 3979 को रुकने का इशारा किया, लेकिन तेजी से भाग निकला। पुलिस ने पीछा करना शुरु किया। जयसिंहनगर से करीब 12 किलोमीटर दूर कौआसरई के पास वाहन छोड़कर उसमें सवार लोग भाग निकले। वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें एक-एक किलो के 149 पैकेट पाए गए। पुलिस के अनुसार गांजा की सप्लाई जयसिंहनगर में कहीं होने वाली थी। वाहन दिलीप सिंह बुढ़ार निवासी के नाम का पाया गया है। प्रकरण दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस पर लग रहे आरोप
सूत्रों की मानें, तो पुलिस द्वारा तय समय पर कार्रवाई नहीं की गई। यदि पुलिस द्वारा तय समय पर कार्रवाई की जाती तो तस्कर पुलिस गिरफ्त में होते। तस्कर द्वारा पुलिस को कैसे चकमा दे दिया गया, यह भी समझ के परे है। चर्चाएं हैं कि पुलिस की मिली भगत के कारण तस्कर मौके से फरार हो गए हैं। यदि पुलिस बेहतर प्रयास करती तो तस्करों को गिरफ्तार किया जा सकता था। वहीं पुलिस का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए। उनको शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Similar News