पुलिस कर्मी के घर के सामने खड़ी कार पर पथराव, कांच फोड़ कर फरार हुए आरोपी

पुलिस कर्मी के घर के सामने खड़ी कार पर पथराव, कांच फोड़ कर फरार हुए आरोपी

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-07 06:47 GMT
पुलिस कर्मी के घर के सामने खड़ी कार पर पथराव, कांच फोड़ कर फरार हुए आरोपी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ग्रामीण पुलिस विभाग में कार्यरत एक पुलिसकर्मी की  घर के सामने खड़ी उसकी कार पर पथराव कर अज्ञात आरोपी ने कांच फोड़ दिए। पुलिसकर्मी विनोद काले ने हुड़केश्वर थाने में शिकायत की है। पुलिस ने एनसी का मामला दर्ज किया है। घटना न्यू सोमवारी क्वार्टर, चक्रधर नगर, एनआईटी गार्डन के पास हुई। पुलिसकर्मी विनोद की कार को निशाना बनाने वाले दो युवकों पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। दोनों युवक परिसर में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। दोनों दोपहिया वाहन पर जाते हुए घटना की रात करीब 12 बजे  नजर आ रहे हैं।

दोपहिया की हेडलाइट के कारण वाहन की नंबर प्लेट साफ नजर नहीं आ रही है। उनकी पहचान करने में पुलिस काे मुश्किल हो रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवारी क्वार्टर  ब्लॉक नं.-174 चक्रधर मंदिर के पीछे रहने वाले विनोद काले  (47) ने गत 4 अक्टूबर को घर के सामने कार क्र.-एम.एच.-49-बी.-6463 खडी की थी। 5 अक्टूबर को सुबह उठने पर उन्हें कार के सामने का कांच फूटा नजर आया। इस घटना की उन्होंने थाने में शिकायत की, तब पुलिस ने मामला दर्ज किया। क्षेत्र के नागरिकों का आरोप है कि, पुलिस गश्त बंद हो गई है। रात के समय मैदान में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। वाहनों के कांच की इससे पहले भी तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। हुड़केश्वर पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं लेती है। 

न जाने अगली कार किसकी होगी 

इस घटना को लेकर क्षेत्र के कई नागरिकों में काफी दहशत है कि, कहीं अगला निशाना उनकी कार न हो। क्षेत्र के नागरिकों का आरोप है कि, इससे पहले भी इस क्षेत्र में वाहनों की बैटरी और ईंधन चोरी की घटनाएं होती रही हैं।  क्षेत्र के नागरिक चंदा जमा कर अब सीसीटीवी कैमरे लगा रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि, रविवार को दोपहर के समय कुछ युवक एनआईटी गार्डन के मैदान पर बन रहे शौचालय के पास बैठकर ताश खेल रहे थे। पुलिस का एक दल वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही वह उनकी आंखों के सामने भाग गए। नागरिकों का कहना है कि, पुलिस खुद कार्रवाई नहीं करती, उल्टा आस-पास के नागरिकों को सलाह देती है कि, तुम लोग इन युवकों को यहां से मारपीट कर भगाते क्यों नहीं हो। 

Tags:    

Similar News