करंट फैलाकर किया बाघिन का शिकार, पत्थर बांध कुएं में फेंक दिया शव

शहडोल करंट फैलाकर किया बाघिन का शिकार, पत्थर बांध कुएं में फेंक दिया शव

Ankita Rai
Update: 2022-01-20 10:21 GMT
करंट फैलाकर किया बाघिन का शिकार, पत्थर बांध कुएं में फेंक दिया शव

  डिजिटल डेस्क शहडोल उत्तर वन मंडल अंतर्गत अमझोर वन परिक्षेत्र में बाघिन का शिकार हुआ है। बुधवार सुबह ढोलर बीट से लगे तेंदुआर गांव के एक कुंए में बाघिन का शव बरामद हुआ है। उसके पैर में पत्थर बांधा हुआ था। बाघिन का करंट लगाकर शिकार किया गया था और शव कुंए में फेंक दिया गया था। वन अमले ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।  
   जानकारी के अनुसार मंगलवार को कुंए में बाघ के शव की सूचना मिली थी। विभागीय अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव को नहीं निकाला जा सका। बुधवार सुबह करीब ७ बजे जब शव निकाला गया था तो उसके पैर में पत्थर बंधा हुआ था। मृत बाघिन की उम्र आठ से १० वर्ष बताई गई है। वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास सर्च अभियान चलाते हुए चार-पांच संदिग्ध लोगों को उठाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर इनमें से एक ने शिकार की बात कबूल ली है। वहीं शिकार में इस्तेमाल किए गए खूंटी, तार आदि भी बरामद कर लिए गए हैं। 
१३ जनवरी को तडक़े ४ बजे किया था शिकार
पकड़े गए आरोपी के नाम का खुलासा अभी नहीं किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि जंगली शूकर का शिकार करने के लिए खेत में करंट फैलाया था। १३ जनवरी को तडक़े करीब ४ बजे करंट की चपेट में बाघिन आ गई। अपराध को छिपाने के लिए आरोपियों ने बाघिन के पैर पर पत्थर बांधकर कुएं में फेंक दिया। कुएं में पानी होने के कारण शव नीचे चला गया था। फूलने के बाद जब शव बाहर आया तो आसपास दुर्गंध फैल गई। मंगलवार को कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन अमले को दी। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई शुरू की।  
पीएम के बाद किया दाह संस्कार 
उत्तर वन मंडल के डीएफओ गौरव चौधरी ने बताया कि अमझोर वन परिक्षेत्र के पीएस ५१९ से लगे एरिया में बाघिन का शिकार हुआ है। एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। वहीं अन्य की तलाश की जा रही है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया है। करंट फैलाकर बाघिन का शिकार किया था। बाघिन के दांत, नाखून और मूंछ के बाल सुरक्षित हैं। पीएम के बाद बाघिन का दाह संस्कार कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बाघिन के साथ शावक भी रहे होंगे अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। इस क्षेत्र में टाइगर का मूवमेंट लगातार बना रहता है। घटना के बाद से क्षेत्र में गश्ती बढ़ा दी गई है।

Tags:    

Similar News