टोल प्लाजा में तोडफ़ोड़, कर्मचारियों को पीटा, 12 लोगों पर दर्ज हुआ मामला

टोल प्लाजा में तोडफ़ोड़, कर्मचारियों को पीटा, 12 लोगों पर दर्ज हुआ मामला

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-10 09:55 GMT
टोल प्लाजा में तोडफ़ोड़, कर्मचारियों को पीटा, 12 लोगों पर दर्ज हुआ मामला


डिजिटल डेस्क शहडोल। शहडोल-बुढ़ार हाईवे पर धुरवार के पास स्थित टोल प्लाजा पर रविवार रात करीब एक दर्जन लोगों ने कर्मचारियों पर हमला करते हुए टोल प्लाजा में तोडफ़ोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दादू सिंह उर्फ गणेश सिंह, करण सिंह और शिवम सिंह सहित 12 लोगों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इधर मारपीट के विरोध में सोमवार सुबह टोल प्लाजा कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया, जिससे करीब आधा घंटा तक हाईवे में जाम लगा रहा।
   जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे शहडोल निवासी दादू सिंह, करण सिंह और शिवम सिंह टोल प्लाजा से गुजर रहे थे। पर्ची कटाने के बात कहने पर वे टोल कर्मचारियों से बहस करने लगे और मारपीट पर उतर आए। इस बीच उन्होंंने अपने कुछ साथियों को भी बुला लिया और टोल प्लाजा में तोडफ़ोड़ की। मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी, सोहागपुर थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक सभी आरोपी भाग चुके थे। फरियादी सरईकापा निवासी ऋषभ गौतम की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने दादू सिंह, करण सिंह और शिवम सिंह सहित 12 लोगों पर धारा 147, 149, 294, 232, 427, 327 और 506 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना की जा रही है। 
टोल कर्मचारियों ने बंद किया काम
घटना के बाद सोमवार सुबह टोल कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। इससे हाईवे पर सुबह करीब 8 बजे जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई थी। करीब आधा घंटा तक दोनों तरफ जाम लगा रहा। इस बीच जाम में फंसे लोग पुलिस को फोन लगाने लगे। बाद में समझाइश के बाद जाम खुला। कर्मचारियों की शिकायत थी कि आए दिन इस तरह की घटनाएं होती हैं।

Tags:    

Similar News