बेमौसम बारिश ने मचाई तबाही, फसलों को भारी नुकसान

बेमौसम बारिश ने मचाई तबाही, फसलों को भारी नुकसान

Anita Peddulwar
Update: 2020-02-26 07:57 GMT
बेमौसम बारिश ने मचाई तबाही, फसलों को भारी नुकसान

 डिजिटल डेस्क, गोंदिया । जिले में अतिवृष्टि व बेमौसम बारिश ने अच्छी-खासी तबाही मचाई है। गोंदिया, आमगांव, सालेकसा एवं सड़क अर्जुनी तहसील में  ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई। जिससे किसानों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। इसके अलावा कुछ मकानों को भी नुकसान होने की जानकारी मिली है।   ओलावृष्टि एवं भारी बारिश से   गेहूं, उड़द, मसूर एवं सब्जियों की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है।  तहसीलदार उषा चौधरी, पटवारी उमराव  वाघधरे, कृषि सहायक मुन्ना कठाने ने गांव में आकर किसानों को हुए नुकसान का जायजा लिया है।  किसानों ने शासन  से नुकसान भरपाई दिए जाने की मांग की है।  

24 घंटे में 7.86 मिमी औसत बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटे के दौरान अनेक स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई है। जिलाधिकारी कार्यालय के नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार जिले के 33 राजस्व मंडलों में कुल मिलाकर 259.70 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। जिसका औसत 7.86  मिमी है। 

तहसीलवार प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवधि में गोंदिया तहसील में 14.28 मिमी, गोरेगांव में  5.20 मिमी, तिरोड़ा में 1.24  मिमी, अर्जुनी मोरगांव में 0.40  मिमी, देवरी में 2.46 मिमी, आमगांव में 17.62   मिमी, सालेकसा में 16.66  मिमी एवं सड़क अर्जुनी में 6.86  मिमी औसत बारिश रिकार्ड की गई।

ओलावृष्टि एवं बारिश से सबसे अधिक नुकसान सब्जियों की खेती का हुआ है। इसके अलावा गेहूं, चना, उड़द जैसी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।  कृषि विभाग द्वारा  किसानों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कर पंचनामा किया जाएगा। ताकि शासन को किसानों को हुए नुकसान की जानकारी दी जा सके।  - गणेश घोरपाड़े,  अधीक्षक जिला कृषि अधिकारी, गोंदिया

सड़क अर्जुनी के 60 घरों को नुकसान
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राजन चौबे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 24 फरवरी की रात हुई ओलावृष्टि एवं मूसलाधार बारिश से सड़क अर्जुनी तहसील में 60  घरों को नुकसान पहुंचा है। इसमें पीड़ितों का लगभग 3 लाख 60  हजार रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं सालेकसा तहसील में मकानों को हुए नुकसान का तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया। 

भंडारा में ओलावृष्टि से फसलें चौपट
 जिले के कुछ हिस्सों में जमकर बारिश व ओलावृष्टि हुई। इससे रबी फसलों का भारी नुकसान हो गया। सर्वाधिक नुकसान साकोली तहसील में होने की जानकारी है। मिर्ची, चना, प्याज की फसल पूर्णत: चौपट होने की जानकारी है। परिसर के किसानों ने प्याज लगायी है। ओलावृष्टि और तेज बारिश से फसल को क्षति पहुंची। अचानक ओलावृष्टि शुरू होने से साकोली से लाखांदुर मार्ग पर गन्ने का टै्रटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई। सांसद सुनिल मेंढे ने मौजा पांढराबोडी में जाकर किसानों के नुकसान का जायजा लिया। इस समय तहसीलदार, मंडल अधिकारी, पटवारी, ग्रामसेवक व ग्रामीण उपस्थित थे। किसानों ने फसलों का पंचनामा कर मुआवजे की मांग की है। 
 

Tags:    

Similar News