विंड चिल्ड फैक्टर से कंपकंपा रहा विदर्भ, नागपुर में 4.6 डिग्री पहुंचा तापमान

विंड चिल्ड फैक्टर से कंपकंपा रहा विदर्भ, नागपुर में 4.6 डिग्री पहुंचा तापमान

Anita Peddulwar
Update: 2019-01-30 06:04 GMT
विंड चिल्ड फैक्टर से कंपकंपा रहा विदर्भ, नागपुर में 4.6 डिग्री पहुंचा तापमान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले सप्ताह हुई बारिश से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। पिछले दो दिन से रात का पारा गिर रहा है। उपराजधानी में 2 दिन में न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। पिछले दो दिन से समूचा विदर्भ भीषण शीतलहर झेल रहा है। विदर्भ के 9 जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री तक नीचे चला गया है। शेष दो जिलों में भी कमोबेश यह स्थिति हो सकती है।

अब बढ़ेगा तापमान
अनुमान राहत देने वाला है। कल से हवा की दिशा परिवर्तित होने के आसार हैं। इससे पारा ऊपर की ओर सरक सकता है। अनुमान है कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़त दर्ज हो सकती है। धूप में भी तीखापन आना शुरू हुआ है। इससे अगले एक दो दिन में दिन का भी तापमान ऊपर की ओर जाने के आसार हैं। धूप के तीखे होने से ग्राउंड फ्रॉस्ट की स्थिति से भी उबरना शुरू होगा और ठंड का असर घटने लगेगा।

विंड चिल्ड फैक्टर और ग्राउंड फ्रॉस्ट कंपकंपा रहे
विदर्भवासी ठंड की तीव्रता के नीचे दबे पड़े हैं। ऊपरी सतह पर तेज ठंडी हवा और नीचे ठंडी जमीन के चलते हड्डी कंपा देने वाली ठंड लोगों को बेहाल किए हुए है। पहले से ही घटे हुए तापमान में विंड चिल्ड फैक्टर के असर से ठंड की तीव्रता और बढ़ रही है। ग्राउंड फॉस्ट के कारण नीचे से ठंड उठ रही है। इससे ठंड का असर वास्तविक से अधिक हो रहा है।

ऐसे फंसे शीतलहर में
विदर्भ सहित कुछ राज्यों में बौछारें पड़ीं। तभी से वादी क्षेत्र में बर्फबारी बनी हुई है। बौछारों के बाद हवा की दिशा उत्तरीय हो गई और लगातार बनी  रही। साथ ही हवा की गति भी बढ़ी है। इससे विंड चिल्ड फैक्टर सक्रिय हुआ। वर्षा के कारण जमीनी ठंड बढ़ी और समूचा विदर्भ शीतलहर में फंस गया। 

ऐसे तय होती है शीतलहर
यदि हवा की दिशा उत्तरीय है और क्षेत्र के 5 या इससे अधिक स्थानों का तापमान सामान्य से 5 डिग्री से अधिक नीचे है तो शीतलहर घोषित होती है। इससे अधिक स्थानों पर पारा तेजी से नीचे चला जाए तो इसे भीषण शीतलहर की श्रेणी में रखा जाता है।

सबसे ठंडा यवतमाल, उपराजधानी भी सर्द
मंगलवार को यवतमाल का न्यूनतम तापमान विदर्भ में सबसे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उपराजधानी का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सोमवार की अपेक्षा 4.3 डिग्री गिरकर सामान्य से 8 डिग्री नीचे रिकार्ड किया गया। उच्चतम तापमान भी सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। मंगलवार को संतरानगरी का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य 5 डिग्री नीचे रहा। मंगलवार को दिन में सबसे कम तापमान 8 डिग्री के पास रहा, जो दोपहर में जाकर 25 डिग्री तक पहुंचा। देर रात करीब 9:30 बजे शहर का तापमान घटकर 12 डिग्री के आस-पास आ गया। हवा की गति 5 किमी. प्रतिघंटे तक रही। 

Similar News