सावन की झड़ी कम्पलीट करेगी बारिश का कोटा

सावन की झड़ी कम्पलीट करेगी बारिश का कोटा

Anita Peddulwar
Update: 2019-07-30 06:55 GMT
सावन की झड़ी कम्पलीट करेगी बारिश का कोटा

डिजिटल डेस्क ,नागपुर। शहर के जलाशयों की स्थिति सुधरने की उम्मीद नजर आ रही है। सावन की झड़ी से बारिश का कोटा कम्पलीट होने के आसार हैं। वैसे शहर में पिछले 5 दिनों में  करीब 175 मिमी वर्षा दर्ज हो चुकी है। इससे जलाशयों का स्तर कुछ हद तक बढ़ा है। हालांकि अभी भी जितना स्तर शहर के पेयजल समस्या को दूर करने के लिए होना चाहिए, नहीं हुआ है। खुश खबर यह है कि एक कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में ठीक उसी जगह बन रहा है, जहां अब तक विदर्भ को भिगोने वाला कम दबाव का क्षेत्र बना था। अनुमान है कि कल-परसों में यह पूर्ण रूप से परिपक्व हो जाएगा। इससे 3 अगस्त तक अच्छी बौछारों की उम्मीद है। मौसम जानकारों का मानना है कि इस कम दबाव के क्षेत्र से शहर को करीब 200 मिमी तक जल मिल सकता है। 

सामान्य से 15 प्रतिशत दूर है वर्षा
पिछले 5 दिनों में हुई तेज वर्षा ने शहर में वर्षा की कमी को बहुत हद तक पूरा कर दिया है। 29 जुलाई को सुबह 8.30 बजे तक शहर में 1 जून से अब तक 381.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो औसत से 15 प्रतिशत कम है। हालांकि 19 जून को यह औसत से 92 प्रतिशत तक कम थी। जुलाई की शुरुआत में आई तेज बारिश ने इस कमी को पाट दिया था और 3 जुलाई को औसत से 1 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हो गई थी। इसके बाद मानसून ब्रेक ने शहरवासियों की स्थिति  खराब कर दी और औसत से काफी नीचे चली गई थी। 

कभी बौछार  कभी फुहार
संतरानगरी सहित पूरा विदर्भ 5 दिन से मानसून की गिरफ्त में है। पूरे दिन मेघों का घना साया बना हुआ है। सोमवार को भी रात से शुरू बौछारें सुबह देर तक जारी रहीं। सुबह करीब 11 बजे सुस्ताने रुके मेघ दोपहर बाद फिर सक्रिय हुए। शाम 5 बजे तेज बौछारों के साथ करीब 1 घंटा बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 8.30 बजे से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 17.9 मिमी वर्षा दर्ज हुई। सोमवार सुबह 8.30 बजे से रात 8.30 बजे तक 4.3 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। बादलों के छाए रहने से पारा सामान्य से नीचे चला गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे 28.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य पर 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता सुबह से शाम तक एक सार 97 प्रतिशत बनी रही। 

Tags:    

Similar News