मोबाइल बिजी मिलने पर पत्नी की हत्या कर दी - पुलिस ने किया गिरफ्तार

मोबाइल बिजी मिलने पर पत्नी की हत्या कर दी - पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2019-10-19 08:25 GMT
मोबाइल बिजी मिलने पर पत्नी की हत्या कर दी - पुलिस ने किया गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क शहडोल/रसमोहनी । पत्नी से जब भी मोबाइल पर बात करने का प्रयास करता, बिजी ही मिलता। पत्नी कहती ठीक से नेटवर्क नहीं मिलता। आकर देखा तो ऐसा कुछ भी नहीं था। इसके बाद गुस्साए पति ने पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकुरी की है। जहां कमलू सिंह नामक युवक ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी कुसुम सिंह गोंड़ की गुरुवार की रात कुल्हाड़ी से हत्या कर दिया। बाहर भागने की फिराक में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।मिली जानकारी के अनुसार केमला सिंह रायपुर में रहकर किसी कंंपनी में काम करता था। वह गुरुवार को गांव लौटा था। इसके बाद शाम करीब 8 बजे पत्नी कुसुम से विवाद होने लगा। रात के समय उसने कुल्हाड़ी से कई वार करते हुए पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद बाहर भागने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने बस जैतपुर बस स्टैण्ड से गिरफ्तार कर लिया।
इसलिए मारा पत्नी को
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बाहर रहता है। इसलिए पत्नी को मोबाइल दिया था। कई बार फोन लगाने पर बिजी बताता था। बाद में पूछने पर कहती कि नेटवर्क नहीं है। कभी कहती कि खराब हो गया है। आकर उसने मोबाइल देखा तो सब ठीक था। इसी बीच किसी का फोन आया, उसने स्वयं उठाया तो किसी पुरुष की आवाज थी। शंका हुई कि कुछ गड़बड़ है। पूछने पर पत्नी ने कुछ नहीं बताया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर पत्नी को मार डाला।
बच्ची ने बताया पापा ने मां को मार डाला
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी घर से भाग गया। उसका दो वर्ष का बेटा आंनद व सात साल की पुत्री आंचल डरी सहमी रात भर मां के शव के पास रोते रहे। सुबह होने पर पड़ोस में रहने वाले दादा को बताया कि रात में झगड़ा होरहा था, इसके बाद पापा ने मां को कुल्हाड़ी से मार दिया। हत्या की जानकारी सुबह ही लोगों को हो पाई। सरपंच ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी जैतपुर केआर सिलाले, एसआई अमर बरकड़े व अन्य स्थल पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
 

Tags:    

Similar News