पोर्च का स्लैब ढहने से महिला की मौत, सरिया घुसने से पैर की नस कट गई थी

पोर्च का स्लैब ढहने से महिला की मौत, सरिया घुसने से पैर की नस कट गई थी

Tejinder Singh
Update: 2019-11-19 16:06 GMT
पोर्च का स्लैब ढहने से महिला की मौत, सरिया घुसने से पैर की नस कट गई थी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कपिल नगर थानांतर्गत दीक्षित नगर में मंगलवार को स्लैब ढहने से महिला की मौत हो गई, जबकी परिवार के अन्य सदस्य और मजदूर बाल-बाल बच गए। आकस्मिक मृत्यु के तौर पर प्रकरण दर्ज किया गया है। दीक्षित नगर निवासी मंगला धवल धनविजय (52) गृहिणी थी। उसका पति सरकारी विभाग में कार्यरत है। उन्हें दो पुत्रियां हैं। धनविजय दंपति ने अपने निवास पर नए पोर्च का निर्माण कार्य किया है। कुछ दिन पहले ही पोर्च में स्लैब डाला गया था। घटना वाले दिन शाम करीब पांच से पौने छह बजे के बीच पोर्च के स्लैब की सेट्रिंग हटाई गई।

मजदूरों के साथ मंगला छत पर निर्माण कार्य देखने के लिए गई थी। इस दौरान पोर्च का सामने का हिस्सा अचानक ढह गया। स्लैब के साथ मंगला भी नीचे गिरी और मलबे में दब गई और नीचे रखा सरिया उसके पैर में घुस गया। सरिया पैर में घुसने से उसके पैर की नस कट गई। परिणाम स्वरूप अत्याधिक रक्तस्त्राव के चलते मंगला ने जगह पर ही दम तोड़ दिया। मंगला को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में छत पर खड़े मजदूर और घर में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।

इस निर्माण कार्य में संबंधित ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इतना ही नहीं, स्लैब पक्का होने के पहले ही सेट्रिंग को निकाल दिया गया है। इस कारण यह हादसा हुआ। उप-निरीक्षक जाधव ने आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया है।

Tags:    

Similar News