आईपीएल 2024: हिटमैन ने मुंबई इंडियंस के कैंप में कदम रखते ही बल्ले से मचाया बवाल, विस्फोटक बल्लेबाजी का वीडियो वायरल

  • आईपीएल के लिए सभी टीमों ने शुरू की तैयारी
  • मुंबई इंडियंस ने शुरू की तैयारियां
  • विस्फोटक बल्लेबाजी करते नजर आए रोहित शर्मा

Anchal Shridhar
Update: 2024-03-19 17:12 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल का 17वां सीजन शुरु होने में अब बस तीन दिन बचे हैं। ऐसे में सभी टीमों ने नेट सेशन के जरिए अपनी तैयारी शुरु कर दी है। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी अब ब्रेक के बाद मुंबई इंडियंस के कैंप के साथ जुड़ गए हैं। रोहित ने अपने पहले नेट सेशन में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए कुछ उम्दा शॉट लगाए। आईपीएल 2024 के आगाज से पहले मुंबई इंडियंस के कैंप में हिटमैन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की एक झलक दिखाई। मुंबई इंडियंस के सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर उनकी नेट प्रैक्टिस का वीडियो शेयर किया गया जो जमकर वायरल हो रहा है। रोहित की बल्लेबाजी में काफी अनोखे शॉट और उनकी मजबूत फिटनेस देखने को मिल रही है।

इंग्लैंड सीरीज के बाद लिया था ब्रेक

रोहित शर्मा हाल ही में खत्म हुई इंग्लैंड सीरीज के बाद ब्रेक पर थे। इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए आखिरी टेस्ट मैच में रोहित पीठ दर्द का सामना कर रहे थे। इसलिए वह अब जाकर मुंबई इंडियंस के कैंप में शामिल हुए हैं। बता दें कि मुंबई इंडियंस ने आईपीएल ऑक्शन से पहले हार्दिक पंड्या को गुजरात से ट्रेड किया था और उन्हें मुंबई की का कप्तान नियुक्त किया था। हार्दिक कई दिन पहले ही मुंबई के कैंप में जुड़ गए थे।

रोहित की कप्तानी में 5 बार ट्रॉफी जीत चुकी मुंबई

आइपीएल में जब भी सबसे सफल टीमों की बात होती है तो उसमें मुंबई और चेन्नई का नाम सबसे ऊपर आता है। दोनों ही टीमों ने इस लीग के 5-5 खिताब अपने नाम किए हैं। मुंबई इंडियंस की सफलता का प्रमुख श्रेय रोहित शर्मा को जाता है। बता दें कि रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 का आईपीएल खिताब जीता है। अब आईपीएल 2024 के संस्करण में रोहित शर्मा बतौर खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। वहीं, हार्दिक पंड्या टीम की कप्तानी करेंगें।

मुंबई का पहला मैच गुजरात से

आईपीएल सीजन 17 में मुंबई इंडियंस का पहला मैच एक बार की चैंपियन टीम गुजरात टाइटंस से होगा। यह मैच 24 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें कि कप्तान हार्दिक ने अपना आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई से की थी, लेकिन इसके बाद दो सीजन के लिए वे गुजरात चले गए थे। हार्दिक ने गुजरात को डेब्यू सीजन में ही चैंपियन बना दिया था। जबकि अगले सीजन उन्होंने गुजरात टाइटंस को फाइनल तक पहुंचाया था।

Tags:    

Similar News