दिल्लीः 'आप' विधायक नरेश यादव पर जानलेवा हमला, एक कार्यकर्ता की मौत, एक घायल

दिल्लीः 'आप' विधायक नरेश यादव पर जानलेवा हमला, एक कार्यकर्ता की मौत, एक घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2020-02-11 22:44 GMT
दिल्लीः 'आप' विधायक नरेश यादव पर जानलेवा हमला, एक कार्यकर्ता की मौत, एक घायल
हाईलाइट
  • अशोक नाम के एक शख्स की गोली लगने से मौत
  • महरौली विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के महरौली विधायक नरेश यादव के काफिले पर मंगलवार देर रात जानलेवा हमला किया गया है। इस हमले पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। 

समाचार एजेंसी के मुताबिक चुनाव के नतीजे आने के बाद जब नरेश यादव मंदिर से वापस लौट रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। हमले में आप कार्यकर्ता अशोक मान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कार्यकर्ता घायल हो गया।  

 

 

हमले के बाद नरेश यादव ने कहा कि घटना वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे हमले का कारण नहीं पता, लेकिन यह अचानक हुआ। करीब चार राउंड फायर किए गए। जिस वाहन में मैं था, उस पर हमला किया गया। मुझे यकीन है कि अगर पुलिस सही तरीके से पड़ताल करती है तो हमलावर की पहचान हो सकेगी।

 

 

संजय सिंह ने देर रात ट्वीट कर कहा, "महरौली विधायक नरेश यादव के क़ाफ़िले पर हमला अशोक मान की सरेआम हत्या। ये है दिल्ली में कानून का राज। मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे नरेश यादव।" दिल्ली पुलिस ने भी मौत की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के किशनगढ़ फोर्टिस चौक के पास से आम आदमी के विधायक नरेश यादव का काफिला गुजर रहा था। उसी वक्त कुछ हमलावरों ने काफिले में मौजूद दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। 

बता दें कि महरौली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी नरेश यादव ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी की कुसुम खत्री को 18161 वोट से हराकर जीत हासिल की है। नरेश यादव को 62417 वोट मिले हैं और उनकी प्रतिद्वंद्वी कुसुम खत्री को 44256 वोट मिले। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में आप ने 62 सीटों पर जीत हासिल की है और आप की वोट हिस्सेदारी 53.57 प्रतिशत रही।भाजपा अपने तमाम दिग्गजों के दम पर अपने खाते में महज पांच सीटें ही और जोड़ सकी है। पिछली बार भाजपा की केवल तीन ही सीटें आई थीं। 

Tags:    

Similar News