उन्नाव: दलित लड़कियों की मौत पर खुलासा, एकतरफा प्रेम में जिसे मारने आया था उसकी जान बची, अन्य दो की मौत

उन्नाव: दलित लड़कियों की मौत पर खुलासा, एकतरफा प्रेम में जिसे मारने आया था उसकी जान बची, अन्य दो की मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2021-02-19 15:17 GMT
उन्नाव: दलित लड़कियों की मौत पर खुलासा, एकतरफा प्रेम में जिसे मारने आया था उसकी जान बची, अन्य दो की मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दलित परिवार की दो लड़कियों की संदिग्ध मौत के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। शुक्रवार शाम पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी का नाम विनय उर्फ लंबू है। वहीं दूसरा आरोपी विनय का दोस्त है जो नाबालिग है।

IG लखनऊ रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि आरोपी विनय दलित लड़की को जानता था और उससे प्यार का इजहार किया था। विनय ने लड़की से मोबाइल नंबर भी मांगा था, लेकिन लड़की ने वह भी देने से मना कर दिया था। विनय इस बात से बेहद नाराज था। इसलिए उसने पानी की बोतल में कीटनाशक मिलाकर लड़की को पिला दिया। बाकि लड़कियों ने भी पानी छीन कर पीया और बेहोश हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी विनय ने बताया कि वो जिस लड़की से प्रेम करता था वो अस्पताल में भर्ती है और अन्य दो लड़की की मौत हो गई।

जिस लड़की को मारना था वह अस्पताल में मौत से लड़ रही जंग
17 फरवरी को बबुरहा गांव में खेत में तीन लड़कियां संदिग्ध हालात में मिली थीं। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। दो की मौत हो गई और एक का इलाज कानपुर में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक है। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से कीटनाशक की बोतल, खाली पानी की बोटल, नमकीन के खाली पैकेट्स और सिगरेट बट मिले थे।

पहले नमकीन खिलाया फिर, कीटनाशक मिला पानी पीने के लिए दे दिया
पुलिस के मुताबिक आरोपी विनय ने बताया कि वो घटना के दिन घर से पानी की बोतल लेकर आया था, जिसमें कीटनाशक मिला हुआ था। अपने साथी के साथ वो नमकीन लेकर खेत पर पहुंचा, यहां तीनों लड़कियां पहले से ही थीं। उसने घटना वाले दिन अन्य दोनों लड़कियों से नमकीन भी मंगवाए थे। आरोपी ने एक ही लड़की को कीटनाशक मिला हुआ पानी पीने को दिया था, लेकिन उसकी बोतल से बाकी दोनों लड़कियों ने भी पानी पी ली। थोड़ी देर के बाद सभी लड़कियों के मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

ग्रामीणों ने आरोपियों को भागते देखा था, इसके बाद हुई गिरफ्तारी
घटना के दिन दो युवकों को खेतों से भागते हुए देखा गया था। इसके बाद उनकी तलाश की गई। सर्विलांस और स्वाट टीमें लगाई गईं। एक मुखबिर ने सूचना दी। इसके बाद पाठकपुरा गांव से आरोपी विनय और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Tags:    

Similar News