भगवान जगन्नाथ मंदिर के कपाट खुले, दर्शन के लिए लगा श्रद्धालुओं का तांता

भगवान जगन्नाथ मंदिर के कपाट खुले, दर्शन के लिए लगा श्रद्धालुओं का तांता

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-13 04:11 GMT
भगवान जगन्नाथ मंदिर के कपाट खुले, दर्शन के लिए लगा श्रद्धालुओं का तांता

डिजिटल डेस्क, पुरी। भगवान विष्णु के अवतार जगन्नाथ जी आज से अपने भक्तों को दर्शन देंगे। आज से पुरी में भगवान जगन्नाथ मंदिर के कपाट खुल गए हैं। कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में भक्त भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। जगन्नाथ जी के दर्शन के लिए सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंच रहे हैं। बता दें कि मंदिर का गर्भगृह 28 जून को स्नान पूर्णिमा के दिन से बंद था। मान्यता है कि इस दौरान भगवान बीमार हो जाते हैं और आराम करते हैं।

 

 



14 को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
कपाट खुलने के दूसरे दिन यानि 14 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। जगन्नाथ जी की भव्य और विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के लिए ओडिशा के पुरी में तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। भगवान जगन्नाथ जी, बलभद्र जी और सुभद्रा जी का रथ बनकर तैयार हो चुका है। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारत में होने वाले सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। इस रथयात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं।


भगवान का रथ लोग रस्सियों के सहारे खींचते हैं, जिसके पीछे मान्यता है कि ऐसा करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। साथ ही इंसान को अपने पापों से भी मुक्ति मिल जाती है। अब पुरी की तरह ही अहमदाबाद, कोलकाता समेत देश विदेश में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा बड़ी धूमधाम से निकाली जाती है।

इस साल 15 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान
रथयात्रा के दौरान भगवान ख़ुद भक्तों को दर्शन देने रथ पर सवार होकर निकलते हैं। यह भक्तों के लिए एक अद्भुत अवसर होता है। भगवान जगन्नाथ जी, बलभद्र और सुभद्रा अलग-अलग रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देते हैं। इस आयोजन को देखते हुए ओडिशा सरकार और प्रशासन ने सारे इंतेजाम किए हुए हैं। सुरक्षा से लेकर लोगों के रहने, खाने-पीने तक के कई बड़े इंतेजाम किए गए हैं। सरकार ने अनुमानित 15 लाख लोगों के हिसाब से इंतज़ाम किए हैं।

Similar News