घर में रखा तुलसी का पौधा सूखने से मां लक्ष्मी हो सकती हैं नाराज

धर्म घर में रखा तुलसी का पौधा सूखने से मां लक्ष्मी हो सकती हैं नाराज

Ankita Rai
Update: 2022-06-17 07:50 GMT
घर में रखा तुलसी का पौधा सूखने से मां लक्ष्मी हो सकती हैं नाराज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। घर में तुलसी का पौधा रखना बहुत ही शुभ माना जाता है। तुलसी को माता के समान माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि तुलसी में मां लक्ष्मी वास करती हैं। ज्योतिषाचार्यों ने भी बताया है कि भगवान विष्णु की पूजा मां तुलसी की पूजा के बिना अधूरी मानी जाती है।  इसलिए आंगन में लगी तुलसी का ध्यान रखना भी जरूरी होता है। बहुत ज्यादा गर्मी या ठंड पड़ती हैं, तो तुलसी मुरझा जाती है। लेकिन तुलसी का सूखना शुभ नहीं माना जाता। कहा जाता है कि तुलसी जी के मुरझाने से मां लक्ष्मी रुठ जाती हैं। तुलसी जी का सूखना भविष्य में आने वाली परेशानियों का संकेत भी हो सकता है। इसलिए आज हम आप को तुलसी को हरी-भरी रखने के कुछ उपाय बताने जा रहे हैं। 

कच्चा दूध

तुलसी के पौधे मुरझाने या सूखने से बचाने के लिए पौधे को पानी  में कच्‍चा दूध मिलाकर जल दें। ऐसा करने से मिट्टी में देर तक नमी बनी रहेगी। पौधा लगाते समय गमले में सबसे नीचे नारियल का रेशा लगा दें और उसके ऊपर मिट्टी डाल कर पौधा लगाएं। इससे पौधे में लंबे समय तक नमी रहती है।

विष्णु जी को चढ़ाएं मंजरी

तुलसी भगवान विष्णु की प्रिय मानी जाती है। इसलिए जब भी पौधे पर जब मंजरी आए तो उसे विष्णु भगवान को चरणों में अर्पित करना चाहिए। ऐसा करने से तुलसी सूखेगी नहीं और तुलसी का पौधा जल्दी बढ़ेगा। अगर आप तुलसी में आई मंजरी नहीं तोड़ते हैं, तो इसके सूखने के आसार बढ़ जाते हैं। 

पुरानी पत्तियां

तुलसी के पौधे को हरा भरा बनाए रखने के लिए इसकी पुरानी पत्तियों को तोड़ देना चाहिए। बताया जाता है, कि पुरानी पत्तियां पौधे में लगी रहें और नई पत्तियां तोड़ ली जाएं ऐसा करने से तुलसी का विकास रुक जाता है। धूप से तुलसी को बचाने के लिए तुलसी पर एक साफ हरे रंग का कपड़ा ढंक देना चाहिए। हरा रंग तेज गर्मी से राहत दिलाता है। 

डिसक्लेमरः ये जानकारी अलग अलग किताबों और अध्ययन पर आधारित है। भास्कर हिंदी इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Tags:    

Similar News