महिलाओं का आरोप- BJP विधायक के कहने पर ड्रायवर ने मारी टक्कर

महिलाओं का आरोप- BJP विधायक के कहने पर ड्रायवर ने मारी टक्कर

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-08 18:01 GMT
महिलाओं का आरोप- BJP विधायक के कहने पर ड्रायवर ने मारी टक्कर

डिजिटल डेस्क, रामटेक। रामटेक विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डी. मल्लिकार्जुन रेड्डी के खिलाफ शुक्रवार को दोपहर 2 बजे महिलाओं ने जान से मारने और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही आरोप लगाया है कि विधायक के कहने पर उनके ड्रायवर ने महिलाओं को वाहन से टक्कर मारते हुए गाड़ी आगे बढ़ा दी। जबकि विधायक रेड्डी ने महिलाओं के आरोप को सिरे से खारिज करते कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सुबह 5 से 6 महिलाएं ज्ञापन लेकर आईं थी। जिसे लेने से मना करने पर महिलाएं अधिक संख्या में लौंटी, फिर ज्ञापन देने की जिद करते हुए जबरन धरने पर बैठ गई। डीवाईएसपी रामटेक मतानी को फोन पर सूचना देने के बाद पुलिस ने आकर महिलाओं को बाहर निकाला।

दोनो तरफ से दर्ज हुआ मामला

रामटेक विधानसभा क्षेत्र प्रहार संगठन प्रमुख कांद्री कन्हान निवासी संगीता वांढरे ने रामटेक पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज की है। जिसके बाद पुलिस ने धारा 504, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया। उधर विधायक के सहायक सचिव रजत गजभिये ने ज्ञापन देने आई महिलाओं के खिलाफ विधायक के मनसर स्थित जनसंपर्क कार्यालय में गालीगलौच करने की शिकायत दर्ज कराई है। जिससे महिलाओं के खिलाफ भी धारा 504, 507 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

क्या है मामला ?

पुलिस के अनसुार संगीता वांढरे ने शिकायत में कहा कि वे अन्य महिलाओं के साथ शुक्रवार को सुबह 10 बजे विधायक रेड्डी के मनसर कार्यालय में माइक्रोफाइनेंस कंपनी द्वारा कर्जदार महिलाओं को परेशान करने के संबंध में ज्ञापन देने गई थीं। इसके बाद शिकायत दर्ज कराने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस निरीक्षक योगेश पारधी ने बताया कि दोनों पक्ष की शिकायत प्राप्त हुई है। जिसकी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Similar News