अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़छाड़ के आरोपी को मिली जमानत

अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़छाड़ के आरोपी को मिली जमानत

Tejinder Singh
Update: 2017-12-20 15:21 GMT
अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़छाड़ के आरोपी को मिली जमानत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़छाड़ के आरोपी विकास सचदेवा को मुंबई की अदालत से जमानत मिल गई है। सचदेवा को 25 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दी गई है। जमानत अर्जी मंजूर करते हुए अदालत ने सचदेवा और उसके परिवार वालों को हिदायत दी है कि वे मीडिया और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखें। 

विमान में सफर के दौरान की थी बदलसूकी

अभिनेत्री जायरा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया था और रोते हुए आरोप लगाया था कि दिल्ली से मुंबई आ रहे विमान में सफर के दौरान सचदेवा ने उनसे बदलसूकी की और अपने पैर से उनके पैर और गरदन में लगातार रगड़ रहा था। जायरा का यह भी आरोप था कि शिकायत करने के बावजूद केबिन क्रू ने उनकी मदद नहीं की थी। जायरा ने सोशल मीडिया के जरिए यह बात रखी इसके बाद हंगामा मचा तो पुलिस ने आईपीसी और पाक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया। 

अभिनेत्री को गलती से पैर लगा

सचदेवा की पत्नी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि थके होने के चलते विमान में सो गए थे और अभिनेत्री को गलती से पैर लगा था जिसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी थी। यही नहीं कुछ दिन पहले सचदेवा के रिश्तेदारों ने उनके लिए समर्थन हासिल करने की कोशिश में सोशल मीडिया कैंपेन चलाया था।

फेसबुक पेज पर लोगों ने जताई थी सहानुभूति

इसे लेकर एक फेसबुक पेज बनाया था। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उनसे सहानुभूति जताई थी। इसके अलावा एक सहयात्री ने भी दावा किया था कि सचदेवा ने कोई गलत हरकत नहीं की थी। बुधवार को दिंडोशी कोर्ट ने सचदेवा की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। 

ये था मामला

इससे पहले फिल्म "दंगल" की एक्ट्रेस जायरा वसीम (17) से विस्तारा एयरलाइन्स की फ्लाइट में छेड़छाड़ करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसकी पहचान 39 साल के विकास सचदेव के तौर पर हुई थी। जायरा ने अपने साथ हुई घटना का जिक्र अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लाइव वीडियो शेयर करके किया था। बता दें कि उन्होंने फिल्म "दंगल" में रेसलर गीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाया था।

Similar News