Nokia 2 को मिलेगा एंड्रॉयड 8.1 ओरियो अपडेट

Nokia 2 को मिलेगा एंड्रॉयड 8.1 ओरियो अपडेट

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-30 06:40 GMT
Nokia 2 को मिलेगा एंड्रॉयड 8.1 ओरियो अपडेट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नोकिया 8 फ्लैगशिप स्मार्टफोन यूज़र को लेटेस्ट एंड्रॉयड का अनुभव देने के बाद एचएमडी ग्लोबल ने नोकिया 2 को एंड्रॉयड ओरियो अपडेट देने की तैयारी कर ली है। बताया गया है कि Nokia 2 को सीधे एंड्रॉयड 8.1 ओरियो अपडेट मिलेगा। इस हैंडसेट को अक्टूबर महीने में एंड्रॉयड 7.1 नूगा के साथ लॉन्च किया गया था। बता दें कि यह एचएमडी ग्लोबल का सबसे सस्ता एंड्रॉयड स्मार्टफोन है और भारत में 6,999 रुपये में मिलता है।

एचएमडी ग्लोबल के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर जूहो सरविकास ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि नोकिया 2 को एंड्रॉयड 8.1 ओरियो अपडेट मिलेगा। सरविकास ने यह भी बताया कि सस्ते नोकिया स्मार्टफोन को गूगल के एंड्रॉयड गो प्रोग्राम से मैमोरी मैनेजमेंट इंप्रूवमेंट मिलेगा। गूगल एंड्रॉयड गो प्रोग्राम को 2017 में ही लॉन्च किया गया था और नोकिया 1 इस प्रोग्राम के शुरुआती स्मार्टफोन में से एक होगा। उन्होंने ट्वीट किया, "1 जीबी रैम डिवाइस एंड्रॉयड ओरियो 8.1 के साथ काम करेंगे। एंड्रॉयड गो के मैमोरी मैनेजमेंट को इंटिग्रेट किया जाएगा। Nokia 2 की परफॉर्मेंस समय के साथ बेहतर होगी।"

एचएमडी ग्लोबल ने एंड्रॉयड 8.0 ओरियो अपडेट देने की प्रक्रिया का आगाज़ इस साल नवंबर महीने में Nokia 8से किया था। इसके बाद फिनलैंड की कंपनी ने नोकिया 5 और नोकिया 6 के लिए एंड्रॉयड ओरियो बीटा बिल्ड जारी करने की जानकारी दी। इसके अलावा यह भी पता चला कि नोकिया 3 को एंड्रॉयड 7.1.2 नूगा की जगह सीधे एंड्रॉयड ओरियो अपडेट मिलेगा।

गौर करने वाली बात है कि एचएमडी ने पहले नोकिया एंड्रॉयड स्मार्टफोन को एंड्रॉयड 8.0 ओरियो अपडेट देने की बात कही थी। अब ऐसा लगता है कि गूगल पिक्सल और नेक्सस डिवाइस के बाद एंड्रॉयड 8.1 ओरियो अपडेटपाने वाला नोकिया 2 पहला स्मार्टफोन होगा। सरविकास ने यह नहीं बताया कि अपडेट किस महीने में आएगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले साल की शुरुआत में अपडेट आ जाएगा।

नोकिया 2 के स्पेसिफिकेशन

Nokia 2 में 5 इंच का एचडी (720 x 1280 पिक्सल) एलटीपीएस डिस्प्ले है। हैंडसेट की बॉडी 6000 सीरीज़ एल्यूमीनियम की बनी है। स्क्रीन पर गोरिल्ला ग्लास 3 की प्रोटेक्शन है और पिछला पॉलीकार्बोनेट का है। नोकिया के इस फोन में 1.3 गीगाहर्ट्ज़ क्वाड-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 212 प्रोसेसर का इस्तेमाल हुआ है। रैम 1 जीबी है। इनबिल्ट स्टोरेज 8 जीबी है और ज़रूरत पड़ने पर 128 जीबी तक का माइक्रोएसडी कार्ड इस्तेमाल किया जा सकेगा।

स्मार्टफोन में 8 मेगापिक्सल का ऑटो फोकस रियर कैमरा है जो एलईडी फ्लैश से लैस है। 5 मेगापिक्सल के फिक्स्ड फोकस फ्रंट कैमरे से यूज़र सेल्फी ले सकेंगे। जैसा कि हमने आपको पहले बताया कि फोन में 4100 एमएएच की बैटरी है। हैंडसेट आउट ऑफ बॉक्स एंड्रॉयड 7.1.1 नूगा पर चलेगा। कंपनी ने एंड्रॉयड ओरियो के अपडेट का भी वादा किया है। स्मार्टफोन का डाइमेंशन 143.5 x 71.3 x 9.30 मिलीमीटर है। फोन प्यूटर ब्लैक, प्यूटर व्हाइट और कॉपर ब्लैक रंग में उपलब्ध होगा।

Similar News