मोबाइल में जानिए लोकेशन और सफर को बनाइए आसान, गूगल मैप ने जोड़े नए फीचर्स

मोबाइल में जानिए लोकेशन और सफर को बनाइए आसान, गूगल मैप ने जोड़े नए फीचर्स

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-28 07:03 GMT
मोबाइल में जानिए लोकेशन और सफर को बनाइए आसान, गूगल मैप ने जोड़े नए फीचर्स
हाईलाइट
  • गूगल मैप ने जोड़े नए फीचर्स
  • मोबाइल में जानिए लोकेशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। Google दिन प्रतिदिन अपने फीचर्स में बढ़ोतरी करता जा रहा है। Google Maps भी लोगों में काफी प्रचलित है, लेकिन बहुत से लोगों को इसके फीचर्स पता नहीं होते। हाल ही में Google Maps ने कुछ नए फीचर्स जोड़े हैं, जिनके माध्यम से अब शहर में कहीं भी सफर करना और भी आसान हो जाएगा। इनमें टू-व्हीलर मोड, प्लस कोड, मैप गो, मैप पर स्थानीय भाषा, देखने लायक जगह, रियल-टाइम लोकेशन शेयरिंग, मल्टी-स्टॉप डायरेक्शन, रियल-टाइम ट्रैफिक और स्थानीय गाइड का समावेश है। Google Maps के प्रोग्राम मैनेजर अनल घोष और प्रोडक्ट मैनेजर नेहा वाइकर ने पत्र परिषद में प्रेजेंटेशन के माध्यम से इसके फीचर्स की जानकारी दी।

शार्टकट रास्ता भी बताता है
उन्होंने बताया कि Google Maps भारत की जरूरतों और चुनौतियों के हिसाब से अधिक व्यापक, सटीक और भरोसेमंद बनाने का लक्ष्य रखा है। Google Maps यात्रा की योजना बनाने, गंतव्य के बारे में अधिक जानने, सुरक्षित रखने और यात्रा को अधिक रोमांचक और आसान बनाने में मदद करता है।

Google Maps का टू-व्हीलर मोड सबसे पहले भारत में लांच हुआ, क्योंकि दुनिया में सबसे ज्यादा टू-व्हीलर भारत में बिकते हैं। इन वाहनों को नेविगेट करने के लिए अलग-अलग तरह की जरूरत होती है। मैप का टू-व्हीलर मोड ऐसे शॉर्टकट मार्ग दिखाता है जहां कार, बस और ट्रक नहीं जा सकते। इससे यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी और सफर के दौरान बार-बार फोन नहीं देखना पड़ेगा। भारत में प्रति माह 2 करोड़ से अधिक इसके उपयोगकर्ता हैं। नेहा ने बताया कि गूगल मैन के फीचर रियल-टाइम यातायात से ट्रैफिक की ताजा स्थिति Google Maps पर देखी जा सकती हैं। इस फीचर में सभी राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सप्रेस-वे की जानकारी मौजूद है। इसे भारत के 34 शहरों में देखा जा सकता है। गूगल मैप ट्रैफिक अलर्ट भी भेजता है।

कम रैम वाले फोन के लिए मैप्स गो
"Google Maps Go" Google Maps एप का हल्का प्रोग्रेसिव वेब एप वर्जन है। यह गूगल क्रोम पर चलता है। यह फोन की मेमोरी इस्तेमाल नहीं करता। इसे कम मेमोरी वाले फोन पर आसानी से चलाया जा सकता है। यह एप लोकेशन, ट्रैफिक की ताजा स्थिति, दिशा और सार्वजनिक यातायात की जानकारी तुरंत देता है। हाल ही में Google Maps के समान सहज अनुभव के साथ मैप्स गो पर टर्न-बाय-टर्न वॉयस नेविगेशन लॉन्च किया है।

जगहों को ढूंढ़ें और शेयर करें
नेहा वाइकर ने बताया कि भारत में पते बेतरतीब लिखे जाते हैं। उन्हें अधिक गंभीरता से नहीं लिया जाता। इस समस्या के समाधान के लिए Google Maps ने प्लस कोड जारी किया है। यह पता लिखने का एकरूप और सादा कोड है, जिसे 6वर्ण, शहर  फार्मेट में बनाया और शेयर किया जाता है। यह दुनियाभर में कार्य करता है। उसी प्रकार अपने घर और ऑफिस के पते को सेट कर निर्बाध रूप से यात्रा की जा सकती है।

10 भाषाएं उपलब्ध 
Google Maps के जरिये आसपास की जगह की जानकारी शेयर कर सकते हैं। इस पर रेस्टॉरेंट, होटल, फार्मेसी, दवा की दुकान, किराना दुकान आदि की जानकारियां, उनके खुलने का समय, रेटिंग, रिव्यू और फोटो भी उपलब्ध रहेंगे। मैप यह भी बताएगा कि किस दिन इन जगहों पर ज्यादा भीड़ होती है। मैप पर अपनी स्थानीय जानकारी साझा की जा सकती है।
 

Similar News