रूस ने फिर दी परमाणु हमले की धमकी, यूक्रेन बंदरगाह के तेल टैंकों पर बरसाए बम

रूस- यूक्रेन युद्ध का 29वां दिन रूस ने फिर दी परमाणु हमले की धमकी, यूक्रेन बंदरगाह के तेल टैंकों पर बरसाए बम

Manmohan Prajapati
Update: 2022-03-24 03:37 GMT
हाईलाइट
  • जेलेंस्की ने मांगा दुनिया से समर्थन
  • रूस की यूक्रेन को दी चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन (Russia-Ukraine) के बीच छिड़ी जंग का आज (24 मार्च, 2022 गुरुवार) 29 वां दिन है। लेकिन यह लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही है। बल्कि यह जंग अब और भयानक रूप लेती जा रही है। रूस ने भी अपने हमले और भी आक्रामक कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर इस युद्ध में अब रासायनिक हमलों के इस्तेमाल की आशंका को लेकर चर्चा तेज होती जा रही है। इसी बीच रूस ने यूक्रेन को चेतावनी भी दे दी है कि अगर उसने जल्द ही हथियार नहीं डाले तो अंजाम बुरा होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) आज यूक्रेन में रूसी हमले पर चर्चा करने के लिए ब्रसेल्स में आपातकालीन नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। बाइडेन की इस यात्रा पर रूस ने आपत्ति जताई है। इतना ही नहीं बाइडन की यूरोप यात्रा से नाराज रूस ने अमेरिका के राजनियों को निष्कासित कर दिया है।

ये भी पढ़ें:- रूसी राष्ट्रपति की हत्या करने की साजिश, यूक्रेनी खुफिया रिपोर्ट में हुआ खुलासा

एक बार फिर परमाणु बम की धमकी
रूस और यूक्रेन के बीच जंग के साथ ही रूस को कई सारे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही नाटो भी बैठक कर रहा है, हालांकि इस युद्ध से शांति का कोई रास्ता अब तक नहीं निकल सका है। लेकिन युद्ध तबाही की ओर जरूर बढ़ता नजर आ रहा है। अब यह तबाही और भी भयाभय हो सकती है। दरअसल, रूस की तरफ से एक बार फिर परमाणु हमले की धमकी दी गई है। 

इस बार संयुक्त राष्ट्र में रूस के उप राजदूत दिमित्री पोलांस्की ने परमाणु बमों 
को लेकर बयान दिया है। उनका कहना है कि यदि नाटो की ओर से उनको उकसाया जाएगा तो फिर रूस पर परमाणु हथियारों को इस्तेमाल करने का अधिकार है। बता दें कि, 20 घंटों के बीच यह लगातार दूसरी बार है, जब रूस द्वारा परमाणु हथियारों के उपयोग की बात कही गई है। इससे पहले बुधवार को ही क्रेमलिन के प्रवक्ता Dmitry Peskov ने परमाणु हथियारों के उपयोग की बात कही थी।

तेल के टैंक तबाह
हाल ही में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें यूक्रेन के Berdyansk बंदरगाह पर भीषण आग को देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि, रूस द्वारा यूक्रेन के इस बंदरगाह पर बमबारी की गई है। यहां कई तेल के टैंक थे जिनको रूसी तोपों ने निशाना बनाया। हमले के बाद यहां से उठे धुएं के गुब्बार को साफ देखा जा सकता है।

यूक्रेन को 6,000 मिसाइलें मुहैया कराएगा यूके 
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आज घोषणा करेंगे कि उनका देश यूक्रेन को 6,000 अतिरिक्त मिसाइलें प्रदान करेगा। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक जॉनसन नाटो और जी7 नेताओं की ब्रसेल्स में होने वाली बैठक में इसकी घोषणा करने वाले हैं। अतिरिक्त मिसाइलों के अलावा, जॉनसन यूक्रेनी सैनिकों और पायलटों को भुगतान करने में मदद के लिए 25 मिलियन पाउंड (33 मिलियन डॉलर) के वित्त पोषण का भी अनावरण करेगा।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने मांगी मदद
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दुनियाभर के लोगों से रूस का विरोध करने के लिए वैश्विक स्तर पर प्रदर्शन करने का आग्रह किया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर दुनियाभर के लोगों से अपने शहर या इलाके से यूक्रेन के समर्थन में प्रदर्शन करने की अपील की है। जिसमें उन्होंने कहा है कि, हम सबको मिलकर रूस को रोकना चाहिए। दुनिया को युद्ध रोकना चाहिए। यूक्रेन को सपोर्ट करने वाले सभी देशों का शुक्रिया।

भारत की तटस्थता की नीति
आपको बता दें कि, भारत ने यूक्रेन पर रूस के मसौदा प्रस्ताव पर यूएनएससी में मतदान नहीं किया है। बुधवार को सुरक्षा परिषद में यूक्रेन में रूस के हमले के बाद जन्मे मानवीय संकट को लेकर मसौदा प्रस्ताव को हुए मतदान में भारत समेत 13 सदस्य देशों ने हिस्सा नहीं लिया। इस प्रस्ताव में रूस और यूक्रेन के बीच राजनीतिक वार्ता, बातचीत, मध्यस्थता और अन्य शांतिपूर्ण तरीकों से तत्काल शांतिपूर्ण समाधान का आग्रह किया गया था।

इस्राइल को रूस का डर
आपको बता दें कि, रूस के डर से इस्राइल ने यूक्रेन को एनएसओ ग्रुप के पेगासस स्पाइवेयर खरीदने से रोक दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल को डर है कि रूसी अधिकारी क्षेत्रीय दुश्मन को जटिल हैकिंग टूल की बिक्री से नाराज हो सकते हैं। हालांकि इस्राइल के इस निर्णय के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति, वोलोदिमिर जेलेंस्की ने आलोचना की है। 

ये भी पढ़ें:- रूसी सेना के खिलाफ यूक्रेन ने उतारे बर्बर और खूंखार स्वभाव वाले चेचेन लड़ाके

गोलाबारी में रूसी पत्रकार की मौत 
वेबसाइट द इनसाइडर के लिए रिपोर्टिंग करने वाली एक रूसी पत्रकार ओक्साना बौलिना की कीव में गोलाबारी के दौरान मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स से यह जानकारी मिली। बुधवार को एक बयान में वेबसाइट के हवाले से कहा गया कि द इनसाइडर की पत्रकार ओक्साना बौलिना की संपादकीय कार्य के दौरान कीव में गोली लगने से मौत हो गई। बयान में कहा गया है कि एक अन्य नागरिक भी मारा गया है, और उनके साथ आए दो और लोग घायल हो गए है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यूरोप में और सैनिक भेजेगा नाटो 
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) अपने पूर्वी हिस्से में तैनात बलों को बढ़ाने के लिए तैयार है। यह जानकारी नाटो के महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने दी। उन्होंने कहा कि, हमें उम्मीद है कि सहयोगी जमीन पर, हवा में और समुद्र में नाटो की स्थिति को मजबूत करने के लिए सहमत होंगे।

पहला कदम चार नए नाटो युद्ध समूहों की तैनाती है, जिसमें बुल्गारिया, हंगरी, रोमानिया और स्लोवाकिया शामिल हैं। नाटो के महासचिव ने बताया कि गठबंधन में सैकड़ों हजारों सहयोगी सैनिक हैं, जिनमें यूरोप में 1,00,000 अमेरिकी सैनिक और ज्यादातर गठबंधन के पूर्वी हिस्से में सीधे नाटो कमांड के तहत 40,000 सैनिक शामिल थे। इन्हें प्रमुख वायु और नौसैनिक शक्ति का समर्थन प्राप्त है।

ये भी पढ़ें:- रूस का मास्टर प्लान : अमेरिका सहित यूरोपीय देशों के प्लान पर फिर सकता है पानी!

रुसी सैनिकों के मारे जाने की आशंका
नाटो ने बुधवार को रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में अब तक करीब 7,000 से 15,000 रूसी सैनिक मारे जाने की आशंका जताई है। वहीं यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर रूस को हुए नुकसान का आंकड़ा बताया है। इसके अनुसार, यूक्रेन ने अब तक रूस के 15600 सैनिकों को मार गिराया है। जबकि 1008 हथियारबंद वाहनों, 4 जहाज, 47 एंटी एयरक्राफ्ट वॉरफेयर सिस्टम्स, 101 एयरक्राफ्ट, 124 हेलिकॉप्टर्स, 517 टैंक, 42 यूएवी और 15 विशेष उपकरणों को तबाह कर दिया है।

Tags:    

Similar News