IIPKL 2019: पुणे प्राइड ने हासिल की लगातार पांचवीं जीत, बेंगलोर राइनोज को 40-33 से हराया

IIPKL 2019: पुणे प्राइड ने हासिल की लगातार पांचवीं जीत, बेंगलोर राइनोज को 40-33 से हराया

Bhaskar Hindi
Update: 2019-05-21 06:15 GMT
IIPKL 2019: पुणे प्राइड ने हासिल की लगातार पांचवीं जीत, बेंगलोर राइनोज को 40-33 से हराया

डिजिटल डेस्क, पुणे। इंडो-इंटरनेशनल प्रीमियर कबड्डी लीग (IIPKL) के पहले सीजन में पुणे प्राइड ने लगातार पांचवीं जीत हासिल की है। पुणे ने सोमवार को बालेवाड़ी स्पोटर्स कॉम्पलेक्स में खेले गए मैच में बेंगलोर राइनोज को रोमांचक मुकाबले में 40-33 से हराया। पुणे ने बेंगलोर के खिलाफ यह दूसरी जीत दर्ज की है। 15 मई को हुए पहले मैच में पुणे ने बेंगलोर को 32-29 से मात दी थी। मैच में पुणे के लिए अमरजीत सिंह ने कुल 11 प्वाइंट्स जुटाए जिसमें से 9 रेड प्वाइंट्स और 2 टैकल प्वाइंट्स थे। वैभव कदम बेंगलोर के सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने रेड से 4 और टैकल से 2 प्वाइंट्स लिए। 

मैच में शुरु से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले क्वार्टर में बेंगलोर 3-1 से आगे थी, लेकिन फिर पुणे ने वापसी करते हुए 5-3 की बढ़त बनाई। फिर बेंगलोर ने 5-5 से स्कोर बराबर किया कुछ देर बाद स्कोर 7-7 से बराबर हो गया। हालांकि बेंगलोर पहले क्वार्टर का अंत 9-8 की बढ़त के साथ करने में सफल रही। 

दूसरे क्वार्टर में आते ही पुणे ने 2 प्वाइंट्स के साथ 10-9 की बढ़त बनाई और फिर 11-10 से आगे हो गई। इसके बाद बेंगलोर ने स्कोर 11-11 से बराबर किया। पुणे ने फिर बेंगलोर की रेड को असफल कर 2 प्वाइंट्स लिए और अगली रेड पर वेंकटेश ने 2 प्वाइंट्स लेकर पुणे को 15-11 की बढ़त दिला दी। पुणे ने इस बढ़त को कायम रखते हुए दूसरे क्वार्टर का अंत 17-15 के स्कोर के साथ किया। 

तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच अच्छी प्रतिस्पर्धा हुई। पुणे ने 18-16 की बढ़त ले ली और फिर 20-17 से आगे निकल गई। बेंगलोर पीछे नहीं रहने वाली थी। उसने स्कोर 20-20 से बराबर कर लिया। यहां से फिर स्कोर 21-21, 22-22, 23-23 रहा। पुणे ने 2 प्वाइंट्स हासिल कर किसी तरह बढ़त बनाई और इस बढ़त को कायम रखते हुए तीसरे क्वार्टर का अंत 25-23 के साथ करने में सफल रही। 

चौथे क्वार्टर में पुणे ने 28-24 की बढ़त ले ली थी, लेकिन बेंगलोर 28-28 से बराबरी करने में सफल रही। यहां पुणे ने लगातार 4 प्वाइंट्स लेकर 32-28 से बढ़त बनाई और फिर चौथे मिनट में बेंगलोर को ऑल आउट कर अपनी बढ़त को 36-28 तक पहुंचा दिया। यहां से पुणे ने अपनी बढ़त बनाए रखा और लगातार पांचवीं जीत हासिल की। 

Tags:    

Similar News