गले में खराश कर रही है परेशान तो इन घरेलू नुस्खों से पाएं छुटकारा

गले में खराश कर रही है परेशान तो इन घरेलू नुस्खों से पाएं छुटकारा

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-09 03:48 GMT
गले में खराश कर रही है परेशान तो इन घरेलू नुस्खों से पाएं छुटकारा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सुबह उठने के बाद या शाम के वक्त गले में खराश महसूस होना आम समस्या है। अक्सर जब मौसम ज्यादा ठंडा होता है, तो ये समस्या और भी बढ़ जाती है। गले की खराश वायरस के कारण होती है। कई बार लोग इसे साधारण बात समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन ऐसा करने पर परेशानी बढ़ सकती है। ये समस्या इतनी भी गंभीर नहीं है कि आप डॉक्टरों के पास जाकर लंबा-चौड़ा बिल बनवाकर इस समस्या से छुटकारा पाएं। गले की खराश से आप घर के कुछ आसान से नुस्खों से छुटकारा पा सकते हैं। आइए जानते है कि गले की खराश के लिए आप क्या उपाय कर सकते हैं। 

                           

खराश के लिए सबसे बेहतर है अदरक

                           

अदरक में एंटिबैक्टीरियल गुण पाया जाता है जो गले के इंफेक्शन और दर्द में आराम पहुंचाता है। एक कप पानी में अदरक डाल कर उबालें। इसके बाद इसे हल्का गुनगुना करके दिन में दो से तीन बार पिएं। ऐसा करने से गले की खराश में काफी राहत मिलेगी।

दालचीनी वाला दूध पिएं

                             

दालचीनी गले के दर्द को ठीक करती है। दालचीनी वाला दूध बनाने के लिए एक पैन में दूध गर्म करें, उसमें दालचीनी का एक छोटा टुकड़ा डालें और गैस को बंद कर दें। फिर इसमें शहद मिलाकर छान कर पिएं। गले की खराश और दर्द में आराम मिलेगा।

लहसुन देगा आराम

                               

 

लहसुन सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। गले की खराश मिटाने के लिए मुंह में दोनों तरफ लहसुन की एक एक कली रखकर धीरे धीरे चूसते रहें। जैसे-जैसे लहसुन का रस गले में जाएगा, वैसे-वैसे खराश में आराम मिलता रहेगा।

नमक के पानी से करें गरारा

                               

जब गले में खराश होती है तो श्लेष्मा झिल्ली की कोशिकाओं में सूजन आ जाती है। नमक इस सूजन को कम करता है, जिससे राहत मिलती है। इसके अलावा लौंग, तुलसी, अदरक और काली मिर्च से बनी चाय भी फायदेमंद होती है।
 

Similar News