केंद्र पर आरोप: आप मंत्री आतिशी ने केंद्र सरकार पर लगाए नए आरोप, दावा - दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाने की रची जा रही है साजिश

  • आतिशी ने पीसी कर केंद्र पर लगाया आरोप
  • दावा - राष्ट्रपति शासन लागू करने की साजिश
  • कहा - चुनी हुई सरकार को गिराना गैरकानूनी

Ritu Singh
Update: 2024-04-12 07:10 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर नए आरोप लगाए हैं। आतिशी ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ साजिश कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप मंत्री ने दावा किया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू करने कर दी जाएगी। उन्होंने इसे गैरकानूनी बताते हुए कहा है कि आप सरकार ने बहुमत साबित किया है और ऐसे में जनता की चुनी हुई सरकार को गिराना गलत होगा। बता दें कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से मंत्री आतिशी समय-समय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ईडी और केंद्र सरकार के फ्यूचर एक्शन को लेकर दावा करती रहती हैं। शराब नीति मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा नहीं दिया है और जेल से ही सरकार चलाने का फैसला किया है।

'साजिश रच रही है केंद्र सरकार'

आप मंत्री आतिशी ने राष्ट्रपति शासन लागू करने के लिए केंद्र सरकार पर साजिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पीसी के दौरान कहा कि करीब 20 साल पुराने केस को उठाकर अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव को बर्खास्त कर दिया है। यह अरविंद केजरीवाल सरकार को गिराने की एक बड़ी साजिश हो रही है। आतिशी ने कहा कि केजरीवाल को झूठे केस में फंसा कर भाजपा शासित केंद्र और ईडी ने गिरफ्तार किया है। आप नेता ने कहा कि भाजपा वाले दिल्ली में चुनाव नहीं जीत सकते हैं इसीलिए चुनी हुई अरविंद केजरीवाल की सरकार को गिराना चाहते हैं।

'राष्ट्रपति शासन लगाना गैरकानूनी'

दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना ने दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू करने को गैरकानूनी बताया है। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी को चेतावनी देती हैं कि दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाना गैर क़ानूनी और गैर संवैधानिक होगा। यह जनादेश का अपमान होगा। आतिशी का कहना है कि भाजपा दिल्ली में किए गए अरविंद केजरीवाल सरकार के कामों से डरती है क्योंकि, वे किसी भी राज्य में ऐसी पॉलिसी लागू नहीं कर पाएंगे। आप नेता ने कहा, "उन्हें (भाजपा) सबसे बड़ा खतरा सीएम अरविंद केजरीवाल के वादे से है, महिलाओं को हजार रुपये देने वाले वादे से है। इसलिए सीएम को रोकने के लिए भी यह साजिश रची जा रही है।"

Tags:    

Similar News