पूर्व प्रवक्ता कांग्रेस रोहन भाजपा में शामिल, राकांपा (शरद) ने सातारा और रावेर से घोषित किया उम्मीदवार

पूर्व प्रवक्ता कांग्रेस रोहन भाजपा में शामिल, राकांपा (शरद) ने सातारा और रावेर से घोषित किया उम्मीदवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. अहमदाबाद पूर्व लोकसभा सीट से कांग्रेस का टिकट लौटाने वाले रोहन गुप्ता ने आखिरकार भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। यहां पार्टी मुख्यालय में केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में गुप्ता ने भाजपा का दामन थामा। रोहन गुप्ता ने पिछले महीने ही कांग्रेस पर ‘अपमान’ करने का आरोप लगाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ी थी। भाजपा में शामिल होने के बाद भी उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में उनका लगातार अपमान किया जा रहा था। इसलिए अपने आत्मसम्मान के लिए कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा में जाने का निर्णय लिया। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस दिशाहीन और विरोधाभासों से भरी है, जिससे उसकी विश्सनीयता कम हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की सराहना की। बता दें कि कुछ दिन पहले ही कांग्रेस के एक और प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

कांग्रेस ने धुले से डॉ बच्छाव और जालना से डॉ काले को दिया टिकट

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में दो उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है। इनमे धुले से डॉ शोभा बच्छाव और जालना से डॉ कल्याण काले को पार्टी ने टिकट दिया है। भाजपा ने धुले से पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ सुभाष भामरे को टिकट दिया है। डॉ भामरे यहां से अपने प्रचार का एक चरण पूरा कर चुके है, लेकिन कांग्रेस को यहां से डॉ भामरे के मुकाबले का उम्मीदवार नहीं मिल पा रहा था। हालांकि यहां से कांग्रेस की तरफ से पार्टी के जिला अध्यक्ष श्यामकांत सनेर और मालेगांव के डॉ तुषार दलवी के नाम की चर्चा थी, लेकिन पार्टी ने अब बच्छाव को चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि जालना सीट पर कल्याण काले कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस के पूर्व विधायक काले की टक्कर भाजपा के उम्मीदवार तथा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहब दानवे से होगी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को धुलिया और जालना दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

राकांपा (शरद) ने सातारा और रावेर से घोषित किया उम्मीदवार

राकांपा (शरद) ने राज्य की वीआईपी सीटों में एक सातारा की सीट पर उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। इस सीट से शरद गुट ने शशिकांत शिंदे को चुनाव मैदान में उतारा है। महायुति में सातारा सीट भाजपा के पक्ष में आ सकती है। भाजपा इस सीट से उदयनराजे भोसले को टिकट दे सकती है। सातारा की सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण भी चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन शरद गुट ने यह सीट छोड़ने से इनकार कर दिया और शशिकांत शिंदे को चुनाव मैदान में उतार दिया है। इसके साथ ही रावेर से श्रीराम पाटील को भी पार्टी ने टिकट दिया है। शरद गुट अभी तक अपने कोटे की 10 सीटों में से 9 सीटों पर उम्मीदवार उतार चुका है।

Created On :   11 April 2024 12:16 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story