Nagpur News: ठाकरे ने कहा - मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी की एसआईटी से कराएं जांच

ठाकरे ने कहा - मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी की एसआईटी से कराएं जांच
चौधरी के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव 27 महीने के प्रशासक राज में भ्रष्टाचार बढ़ने का लगाया आरोप नाग नदी का दौरा करेंगे कांग्रेसी

Nagpur News. कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विधायक विकास ठाकरे ने मनपा आयुक्त व प्रशासक अभिजीत चौधरी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनकी विशेष जांच टीम (एसआईटी) से जांच करने की मांग सरकार से की है। 27 महीने के प्रशासक राज में भ्रष्टाचार बढ़ने व लोगों से पैसे लेने के आरोप लगाए गए है। मनपा अधिकारियों ने पैसे लेने के लिए दलाल रखने का आरोप लगाया गया है। रवि भवन में हुई प्रेस कांफरेंस में विधायक ठाकरे ने आरोप लगाया कि मनपा में बगैर पैसे दिए काम नहीं हो रहा। लोगों की शिकायतों को प्रशासक अभिजीत चौधरी गंभीरता से नहीं लेते। राहुल शिरसाट नामक दलाल ने शैलेंद्र भावे से 22 हजार रुपए लेकर फर्जी टैक्स रसीद देने का खुलासा किया। धंतोली में नजुल की जमीन को कमर्शियल बनाकर उस पर अस्पताल का निर्माण होने का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि धंतोली में कर्नल अनंत भागवत की जमीन है, जिसे कमर्शियल बनाया गया। गुजरात में पदस्थ कर्नल भागवत पिछले कई महीने से मनपा से गुहार लगा रहे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। अधिकारियों ने कानून को ठेंगा दिखाकर यह कारनाम किया है। इन भ्रष्ट अधिकारियों को प्रशासक का साथ होने का आरोप उन्होंने लगाया।

ठाकरे ने कहा कि नगर रचना विभाग का काम हो, मैप सैंक्शन करना हो या फायर की एनओसी लेना हो बगैर पैसे दिए काम नहीं होता। प्रशासक का अपने अधिकारियों पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासक खुद भ्रष्टाचार व अनियमितता में लिप्त है आैर सरकार ने आईएएस अधिकारी के मार्फत 27 महीने में हुए कामकाज की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शीत सत्र में यह मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि मनपा की जमीन पर एक सफेदपोश पिछले 10 वर्षों से कब्जा करके बैठा है।

प्रशासक चौधरी के खिलाफ विधान सभा में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को इसमें दखल देकर प्रशासक को बर्खास्त करने व पूरे मामले की जांच आईएएस अधिकारी के मार्फत करने की मांग की है। पत्र परिषद में विधायक अभिजीत वंजारी, कांग्रेस पदाधिकारी अतुल कोटेचा आदि उपस्थित थे।

नाग नदी का दौरा करेंगे कांग्रेसी

उन्होंने नाग नदी प्रदूषित नहीं होने के हाल ही में हुए खुलासे पर सवाल उठाते हुए कहा कि ड्रेनेज का पानी अभी भी नाग नदीं में जा रहा है। ऐसे में यहां का पानी साफ कैसे रह सकता है। कांग्रेस पदाधिकारी नाग नदी का दौरा करके वस्तुस्थिति देखेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासक राज में लोगों को बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही। लोगों के घरों के सामने कचरा पड़ा है आैर मनपा के अधिकारी दुकानदारों व हाथ ठेलों वालों से वसूली करने का आरोप उन्होंने लगाया।

Created On :   31 Oct 2025 7:18 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story