थाने में फायरिंग: भाजपा विधायक ने पुलिस स्टेशन में मारी शिवसेना नेता को गोली, जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

  • उल्हासनगर पुलिस थाने में चली गोलियां
  • विधायक और नेता के बीच हुई झड़प
  • जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

Shiv Pathak
Update: 2024-02-03 03:33 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक बड़ी ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां भारतीय जनता पार्टी के विधायक ने पुलिस स्टेशन में ही शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता पर गोलियों की बौछार कर दी। यह घटना शुक्रवार देर रात उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन में हुई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। जिन्हें नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जबकि उल्हासनगर थाने की पुलिस मामले की जांच करने के बाद आरोपी भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है। 

भाजपा विधायक चलाई गोली

यह पूरा मामला भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ और शिवसेना के शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ के बीच का है। दोनों राजनेताओं के बीच काफी लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर ही दोनों नेता और उनके समर्थक हिल लाइन पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिसकर्मी के केबिन में हो रही बातचीत बहस में तब्दील हो गई। जिसके बाद भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ पर एक के बाद एक गोलियां की बौछार कर दी। 

नेता को लगी चार गोलियां

भाजपा विधायक की ओर से की गई इस गोलीबारी में शिवसेना (शिंदू गुट) के नेता महेश गायकवाड़ और समर्थक राहुल पाटिल बुरी तरह घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें उल्हासनगर के मीरा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से दोनों को ठाणे के जुपिटर हॉस्पिटल में शिफ्ट करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में नेता महेश गायकवाड़ को कुल चार गोलियां लगी हैं। और उनकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस स्टेशन में हुई गोलीबारी की इस घटना पर डीसीपी सुधाकर पठारे ने कहा, "महेश गायकवाड़ और गणपत गायकवाड़ के बीच किसी बात को लेकर मतभेद चल रहा था और वे शिकायत देने के लिए पुलिस स्टेशन आए। उसी समय, दोनों के बीच बहस हुई और गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके लोगों पर गोली चला दी। इसमें 2 लोग घायल हुए हैं। जांच जारी है।"

Tags:    

Similar News