आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने रचाई सीएम योगी से शादी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने रचाई सीएम योगी से शादी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-05 14:29 GMT
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने रचाई सीएम योगी से शादी

डिजिटल डेस्क, सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में विरोध का एक अनोखा तरीका देखने को मिला है। यहां अपनी मांगें पूरी न होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सीएम योगी से शादी रचा ली है। यह शादी सीएम योगी के फोटो के साथ रचाई गई है। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने मंगलवार को यह शादी रचाई है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न मांगों को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ से सांकेतिक रूप में विवाह किया है।

दरअसल, अपनी मांगों के ना माने जाने से यहा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नाराज चल रहे थे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की कई लंबित मांगों पर सीएम का ध्यान आकर्षित कराने के लिए ही कार्यकर्ताओं को यह अनोखा तरीका अपनाना पड़ा। मंगलवार को हुई इस शादी की सभी रस्में जिले के विकास भवन परिसर में पूरी की गईं। शादी की दिलचस्प बात यह रही कि यह विवाह पूरे रस्मों-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। जिलाध्यक्ष नीतू ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण पर सीएम योगी के फोटो के साथ सात फेरे लिए।

विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद नीतू सिंह ने योगी के फोटो के साथ स्थानीय मंदिर में दर्शन भी किया। सीएम योगी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की इस शादी में बड़ी संख्या में लोग शरीक हुए।
 

गौरतलब है कि यूपी के कई शहरों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कहीं महीलाएं कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठी हुई हैं, तो कहीं थालियां बजाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। यूपी के मऊ में तो यह विरोध पिछले 43 दिनों से जारी है।

यह हैं मांगे
भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र में जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की बात कही थी, उसे पूरा करे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का मानदेय न रोकें। समय पर मानदेय दें।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा मिले।
चार हजार रुपए प्रतिमाह मिलने वाले वेतन को 18,000 किया जाए। 

Similar News