बीजेपी सांसद ने गांधी-नेहरू को बताया 'कचरा', कांग्रेस ने जलाया पुतला

बीजेपी सांसद ने गांधी-नेहरू को बताया 'कचरा', कांग्रेस ने जलाया पुतला

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-22 18:27 GMT
बीजेपी सांसद ने गांधी-नेहरू को बताया 'कचरा', कांग्रेस ने जलाया पुतला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी के कई नेता बीते दिनों अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। इसी कड़ी में एक और बीजेपी सांसद कामाख्या प्रसाद तासा सुर्खियों में आ गए हैं। सांसद ने शनिवार को एक रैली में कहा कि कांग्रेस ने दीन दयाल उपाध्याय के आदर्शों को नजरअंदाज करके लोगों के दिमाग में गांधी-नेहरू का कचरा भर दिया। उनके इस बयान के बाद असम कांग्रेस ने गुवाहाटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।

 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की तुलना "कचरे" से किए जाने पर कांग्रेस के नेताओं में आक्रोश है। असम कांग्रेस के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कहा कि ये न सिर्फ हमारे देश का अपमान है, बल्कि एक गंभीर अपराध भी है। बता दें कि इस रैली में असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद थे।  पार्टी ने असम में कई जगहों पर सांसद कामाख्या प्रसाद तासा के खिलाफ प्रदर्शन किया। 

 

पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है, "सांसद ने महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी का उल्लेख कचरे के तौर पर किया है। इसलिए हम उनकी तत्काल गिरफ्तारी और अपराध प्रक्रिया संहिता के तहत कार्रवाई की मांग करते हैं।" पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी सांसद के इस बयान की कड़ी निंदा की है। गौरव गोगोई ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘सांसद कामाख्या प्रसाद तासा को इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।’ 

कांग्रेस ने असम में बीजेपी पर आरएसएस की विचारधारा फैलाने का भी आरोप लगाया है। बता दें कि बीजेपी सरकार ने राज्य के कुछ कॉलेजों का नामकरण दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर किया है जिस पर कांग्रेस आपत्ति जता रही है। वहीं कांग्रेस के दूसरे सांसद सुष्मिता देव ने कहा कि, "तासा जैसे सांसदों की क्वालिटी सवालों के घेरे में है, उनकी टिप्पणी निंदनीय है।’ 

Similar News