बुंदेलखंड : प्रतिमाओं को मास्क लगाकर मनाई आल्हा जयंती

बुंदेलखंड : प्रतिमाओं को मास्क लगाकर मनाई आल्हा जयंती

IANS News
Update: 2020-05-25 12:00 GMT
बुंदेलखंड : प्रतिमाओं को मास्क लगाकर मनाई आल्हा जयंती

महोबा (उप्र), 25 मई (आईएएनएस)। बुंदेली समाज ने सोमवार को अमरवीर आल्हा की 881वीं जयंती पर नगर के सभी प्रमुख चौराहों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर मास्क बांधे और देश में तेजी से पांव पसार रही कोरोना महामारी के प्रति लोगों को सतर्कता बरतने का संदेश दिया।

बुंदेली समाज संगठन के संयोजक तारा पाटकर ने बताया कि इस साल आल्हा का जन्म दिवस पूरी तरह कोरोना जागरूकता अभियान को समर्पित कर दिया गया है। सोमवार को सबसे पहले सुबह नौ बजे आल्हा चौक पहुंचकर 12वीं शताब्दी के महान चंदेल सेनानायक आल्हा की मूर्ति पर मास्क लगाया गया, फिर माल्यार्पण किया गया। उसके बाद भ्रमण कर नगर में लगीं अन्य मूर्तियों को मास्क पहनाया।

इस मौके पर मौजूद बुंदेली समाज के महामंत्री डा. अजय बरसैया ने कहा, आल्हा की स्मृति में महोबा के तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव अहलूवालिया ने 1984 में खूबसूरत आल्हा चौक बनवाया था। जिसमें अमरवीर आल्हा अपने पश्यावत हाथी पर विराजमान हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में सड़क की ऊंचाई बढ़ जाने की वजह से आल्हा चौक की भव्यता को ग्रहण लग गया है। उन्होंने बताया कि आल्हा चौक की रंगाई पुताई बस कजली मेले के वक्त ही होती है। इसके पहले महोबा में हर साल आल्हा महोत्सव होता था, लेकिन अब वो भी बंद हो चुका है।

बुंदेली समाज के पदाधिकारियों ने आल्हा के साथ ही उनके छोटे भाई परमवीर ऊदल, डॉ. भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, झलकारी बाई, पं. परमानंद व राजकुमारी चंद्रावल की मूर्ति पर मास्क बांधे।

Tags:    

Similar News