शिवराज के सवाल पर CM नाथ बोले- '5 वर्ष में ऐसा मध्य प्रदेश बनाऊंगा कि...'

शिवराज के सवाल पर CM नाथ बोले- '5 वर्ष में ऐसा मध्य प्रदेश बनाऊंगा कि...'

Bhaskar Hindi
Update: 2019-08-19 05:26 GMT
शिवराज के सवाल पर CM नाथ बोले- '5 वर्ष में ऐसा मध्य प्रदेश बनाऊंगा कि...'
हाईलाइट
  • पांच साल में बेहतर मध्य प्रदेश बनाकर दिखाऊंगा
  • शिवराज ने बदहाल मध्य प्रदेश के लिए कमलनाथ को बताया जिम्मेदार
  • शिवराज सिंह को सीएम कमलनाथ ने दिया जवाब

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था पर किए गए सवालों को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने करारा जवाब दिया है। कमलनाथ ने शिवराज को ट्वीट करते हुए लिखा, शिवराज जी,यह वही मध्यप्रदेश है जो आपने मुझे बर्बादी की कगार पर लाकर सौंपा था। कानून व्यवस्था की बदतर स्थिति में,अपराधों में, दुष्कर्म में, बेरोजगारी में, कुपोषण में, युवाओं की बेरोज़गारी में नंबर वन बनाकर छोड़ा था। 8 महीने से मैं आपके द्वारा सौंपी गई इस बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त करने में पूरी तत्परता से लगा हूं। 

सीएम कमलनाथ ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, मात्र 8 माह में ही ,मैं आपके द्वारा सौंपी इस बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त करने में पूरी तत्परता से लगा हूं।आपकी सरकार के समय लगे दागो को धोने में लगा हूं। आप विश्वास रखें, अगले 5 वर्ष में ऐसा मध्यप्रदेश बनाऊंगा कि आपको,अपने 13 वर्ष के कार्यकाल पर शर्म आयेगी। बता दें कि सत्ता गंवाने के बाद से शिवराज सिंह लगातार मध्य प्रदेश सरकार पर हमलावर हो रहे हैं। भले ही उन्हें दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन उनका फोक्स मध्य प्रदेश पर ही बना रहता है। 

बता दें कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ पर जमकर हमला बोला था। शिवराज ने दो वीडियो ट्वीट कर कमलनाथ सरकार पर निशाना साधा। पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा, प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति यह हो गई है कि पत्रकार भी चाकू अड़ाकर लूट लिए जा रहे हैं। बेटियों के साथ दरिंदगी हो रही है। व्यापारी लूटे जा रहे हैं। चारों तरफ लूट मची है। कमलनाथ जी अब भी जागिए और इस अव्यवस्था को रोकिए। वहीं अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, मध्यप्रदेश जंगलराज में परिवर्तित हो गया है। इतने जतन से हमने इसे शांति का टापू बनाया था। कमलनाथ के राज में अपराधी खुलकर खेल रहे हैं। मैं यह जंगलराज नहीं चलने दूंगा।

शिवराज ने कमलनाथ से वीडियो संदेश में कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति यह हो गई है कि पत्रकार भी लूट लिए जा रहे हैं।बेटियों के साथ दरिंदगी हो रही है। व्यापारी लूटे जा रहे हैं। चारों तरफ लूट मची है। सुरक्षित कौन है मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में? उन्होंने कहा कि मैं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि अपना राज्य ऐसा तो नहीं था। आपने मेरे मध्यप्रदेश को बर्बाद कर दिया, तबाह कर दिया। उन्होंने कमलानाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि ट्रांसफर और पोस्टिंग से फुर्सत मिल जाए तो अब भी जागिए और मध्य प्रदेश को बचाइये। 

Tags:    

Similar News