दिल्ली: प्याज की माला पहनकर कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

दिल्ली: प्याज की माला पहनकर कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-07 13:57 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्याज की लगातार बढ़ती कीमतों के चलते कांग्रेस ने आज (गुरूवार) दिल्ली की केजरीवाल सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अपने गले में प्याज से बनी मालाएं पहने नजर आएं। कांग्रेस द्वारा यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली सचिवालय में किया गया।

 

 

40 फीसदी तक उछाल
प्याज की बढ़ती कीमत एक बार फिर आम आदमी की थाली का स्वाद बिगाड़ने लगी है। बीते 8 दिनों में देश के कई शहरों में प्याज के दाम करीब 40 फीसदी तक बढ़ गए हैं। फिलहाल अलग-अलग शहरों में प्याज 60 रुपए से लेकर 100 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है, लेकिन यह कीमत 120 रुपए तक भी पहुंच सकती है। बता दें कि सारे देश में भीषण बारिश के कारण फसलों का भारी नुकसान हुआ है, जिसके चलते सब्जियों की आपूर्ति (सप्लाई) में कमी आई है और प्याज के दाम बढ़ते ही जा रहे हैं।

आयात में होगा इजाफा
प्याज की आवक कम होने से इसकी कीमत 80 रुपए तक पहुंचने पर उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने कहा कि सरकार अन्य देशों से प्याज के आयात को बढ़ावा देगी, जिससे इसकी कीमतों में कमी आए। यह फैसला मंगलवार को हुई अंतर-मंत्रालय समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने प्याज की उपलब्धता और कीमतों की फिर से समीक्षा की।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने कहा कि यह फैसला लिया गया है कि केंद्र सरकार ने प्याज के आयात को बढ़ावा दिया जाए। अफगानिस्तान, मिस्र, तुर्की और ईरान स्थित भारतीय मिशनों को भारत को प्याज की आपूर्ति के लिए कहा गया है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही 80 से 100 कंटेनरों में प्याज भारत पहुंचेगी। प्याज के आयात का निर्णय लिया जाना इसकी घरेलू उपलब्धता पर्याप्त न होने का संकेत है। सरकार महाराष्ट्र एवं अन्य दक्षिणी राज्यों से उत्तर भारत में प्याज की आपूर्ति का प्रयास कर रही है।

Tags:    

Similar News