देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने दी बधाई

देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने दी बधाई

Bhaskar Hindi
Update: 2019-06-05 02:27 GMT
देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने दी बधाई
हाईलाइट
  • एक ईद
  • ईद-उल-फितर के नाम से जानी जाती है
  • इसे मीठी ईद भी कहते हैं
  • एक साल में दो बार मनाई जाती है ईद
  • दिखा ईद का चांद
  • आज देश भर में मनाया जा रहा ईद-उल-फितर
  • दूसरी ईद को ईद-उल-अजहा या बकरीद के नाम से जाना जाता है 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में आज (5 जून) धूमधाम से शांति और भाईचारे का त्योहार ईद मनाया गया। मंगलवार को ईद का चांद दिखने के बाद बुधवार को ईद का जश्न मनाया गया। ईद के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग एक-दूसरे को गले लगाकर बधाइयां दे रहे हैं और देश-दुनिया में अमन-चैन की कामना कर रहे हैं। वहीं पीएम मोदी, राष्ट्रपति कोविंद और राहुल गांधी सहित कई राजनेताओं ने ईद की बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, यह खास दिन हमारे समाज में सद्भाव, करुणा और शांति की भावना को बनाए रखता है। मैं दुआ करता हूं कि सभी को खुशियां मिले।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर ईद की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, रमज़ान के महीने के समापन का यह त्योहार परोपकार और भाईचारे की भावना में हमारे विश्वास को मजबूत बनाता है। यह शुभ दिन हम सब के परिवारों में खुशियां, शांति और समृद्धि लाए।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा है, ईद मुबारक और ईदुलफितर के शुभ अवसर पर सभी को शुभकामनाएं।

ईद का चांद दिखने के बाद एक महीने से चल रहा रमजान का महीना भी खत्म हो गया है। रमजान के पूरे महीने मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखते हैं। इस बार रमजान का महीना 7 मई से शुरू हुआ था, जो 4 जून को खत्म हुआ, इस बार 29 रोजे रखे गए थे। इस दिन खास तौर पर सेवइयां बनाई जाती है। 

मंगलवार को कोलकाता, बनारस और असम सहित देश के कई हिस्सों में ईद का चांद देखा गया। इसी के साथ रमजान का मुकद्दस महीना खत्म हो गया। दिल्ली की फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया, देश भर में 5 जून को ही ईद का त्यौहार मनाया जाएगा। उन्होंने बताया, कोलकाता, पटना समेत कई इलाकों, उत्तर प्रदेश के संभल और असम के अलावा कई जगहों से चांद के दीदार होने की पुष्टि हुई है। आज भारत के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया में भी ईद मनाई जा रही है।

बता दें कि ईद-उल-फितर हिजरी कैलेंडर के 10वें माह के पहले दिन मनाई जाती है। हिजरी कैलेंडर में नया महीना चांद देखने के बाद शुरू होता है। जब तक चांद नहीं दिखता, तब तक रमजान का महीना खत्म नहीं माना जाता। रमजान का महीना खत्म होने के बाद ही नए माह के पहले दिन ईद मनाई जाती है। माना जाता है कि इसी दिन हजरत मुहम्मद मक्का से मदीना के लिए निकले थे।

गौरतलब है कि एक साल में दो बार ईद मनाई जाती है। एक ईद, ईद-उल-फितर के नाम से जानी जाती है, इसे मीठी ईद भी कहते हैं। दूसरी ईद को ईद-उल-अजहा या बकरीद के नाम से जाना जाता है। 
 

Tags:    

Similar News