भारत में इस साल बर्ड फ्लू से हुई पहली मौत, एम्स-दिल्ली स्टाफ को आइसोलेट किया गया

भारत में इस साल बर्ड फ्लू से हुई पहली मौत, एम्स-दिल्ली स्टाफ को आइसोलेट किया गया

Bhaskar Hindi
Update: 2021-07-20 17:31 GMT
भारत में इस साल बर्ड फ्लू से हुई पहली मौत, एम्स-दिल्ली स्टाफ को आइसोलेट किया गया
हाईलाइट
  • एवियन इन्फ्लुएंजा का इलाज करा रहे एक 11 वर्षीय लड़के की मौत
  • इस साल की शुरुआत के बाद से देश में यह पहला बर्ड फ्लू से मौत का मामला
  • एम्स के पूरे स्टाफ को एहतियात के तौर पर आइसोलेशन में रखा गया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एवियन इन्फ्लुएंजा का इलाज करा रहे एक 11 वर्षीय लड़के की नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मौत हो गई। इस साल की शुरुआत के बाद से देश में यह पहला बर्ड फ्लू से मौत का मामला दर्ज किया गया है। एम्स के पूरे स्टाफ को एहतियात के तौर पर आइसोलेशन में रखा गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) के ह्यूमन केस "कभी-कभी" होते हैं, लेकिन जब वे होते हैं, तो मृत्यु दर लगभग 60 प्रतिशत होती है।

इस साल की शुरुआत में देश भर में बर्ड फ्लू के आउटब्रेक की सूचना मिली थी। इसमें हरियाणा भी शामिल था, जहां विशेषज्ञों ने एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के एच5एन8 सबटाइप का पता लगाया था। यह स्ट्रेन मनुष्यों को संक्रमित करने के लिए ज्ञात नहीं है। दिल्ली, केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा सहित कम से कम दस राज्यों में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि होने पर केंद्र सरकार ने अलर्ट जारी किया था। संक्रमण के प्रसार का मुकाबला करने के लिए देश भर में बड़ी संख्या में पक्षियों को मारा गया था।

जनवरी में दिल्ली के लाल किले से कुछ सैंपल कलेक्ट किए गए थे जिनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। दिल्ली सरकार ने तब गाजीपुर पोल्ट्री मार्केट को बंद करने का आदेश दिया था। दिल्ली में नेशनल जूलॉजिकल पार्क से फरवरी में और सैंपल कलेक्ट किए गए थे जिनमें एवियन इन्फ्लुएंजा का टेस्ट पॉजिटिव आया था।

 एवियन इन्फ्लुएंजा मार्च में फिर से सामने आया था जब महाराष्ट्र के अमरावती और नंदुरबार जिलों में 261 पोल्ट्री बर्ड मृत पाए गए थे। अप्रैल में एक बार फिर संक्रमण का डर उस समय चरम पर पहुंच गया जब हिमाचल प्रदेश के पोंग डेम लेक में 100 से अधिक प्रवासी पक्षी मृत पाए गए।

Tags:    

Similar News