ममता नहीं चाहतीं राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें- कांग्रेस पार्टी प्रभारी

ममता नहीं चाहतीं राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें- कांग्रेस पार्टी प्रभारी

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-23 16:03 GMT
ममता नहीं चाहतीं राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें- कांग्रेस पार्टी प्रभारी
हाईलाइट
  • कांग्रेस नेता गौरव गोगई ने तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी पर निशाना साधा है।
  • गौरव ने कहा कि TMC अध्यक्ष राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनते नहीं देखना चाहती।
  • गौरव ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व को मजाक में ले रही है।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कांग्रेस नेता गौरव गोगई ने तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। गौरव ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व को मजाक में ले रही है। गौरव ने ममता पर आरोप लगाते हुए कहा कि TMC अध्यक्ष राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनते नहीं देखना चाहती। गौरव का यह बयान TMC द्वारा बुलाई गई विपक्षी पार्टियों की रैली के कुछ ही दिनों बाद आया है। इस रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अभिषेक मनु सिंघवी सहित कई अन्य दलों के शीर्ष नेताओं ने भाग लिया था। इतना ही नहीं यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने खड़गे और सिंघवी को नियुक्त करते हुए रैली की सफलता की कामना की थी।

पश्चिम बंगाल के पार्टी प्रभारी गौरव ने बीरभूम जिले के रामपुरहाट में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "2019 के लोकसभा चुनावों के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री होंगे। हाल ही में, टीएमसी ने एक विरोध रैली का आयोजन किया था, लेकिन उन्हें राहुल गांधी से समस्या है। वह राहुल गांधी को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में नहीं देखना चाहते हैं। मैं उनसे स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। केंद्र में अगली सरकार राहुल गांधी के नेतृत्व में बनेगी।"

गौरव ने राहुल गांधी को बधाई देने को लेकर TMC की चुप्पी पर कहा, "पिछले साल दिसंबर में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे तीन राज्यों में कांग्रेस की जीत के बाद भी ममता ने राहुल को बधाई नहीं दी था। दरअसल TMC वाले डर गए हैं। उन्हें डर है कि ममता बनर्जी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगी। इससे TMC के नेताओं की रातों की नींद हराम हो गई है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि शायद उनका यह सपना कभी पूरी नहीं होगा।"

गोगई के इस बयान की TMC महासचिव पार्थ चटर्जी ने आलोचना की है। पार्थ ने कहा कि गोगई के बयान हमारे लिए बहुत कम मायने रखता है, क्योंकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हमारी रैली में शामिल हुए हैं। वहीं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने भी लोकसभा चुनावों के लिए TMC के साथ किसी भी गठबंधन से इनकार कर दिया। मित्रा ने कहा, "हम राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों पर लड़ने के लिए तैयार हैं। अगर सेक्युलर और डेमोक्रेटिक ताकतें TMC और बीजेपी के खिलाफ लड़ना चाहती हैं, तो हम उनके साथ हैं।"
 

Similar News