BJP के खिलाफ विपक्ष का 'हल्लाबोल आंदोलन', पवार बोले- देश संकट से गुजर रहा है

BJP के खिलाफ विपक्ष का 'हल्लाबोल आंदोलन', पवार बोले- देश संकट से गुजर रहा है

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-12 18:58 GMT
BJP के खिलाफ विपक्ष का 'हल्लाबोल आंदोलन', पवार बोले- देश संकट से गुजर रहा है

डिजिटल डेस्क, नागपुर। NCP सुप्रीमो शरद पवार ने कहा कि सरकार किसानों को कर्जमुक्त करने का दावा कर रही है, लेकिन आलम यह है कि किसानों के खाते में रकम जमा नहीं हुई है। जब सरकार का कहना ही है, तो किसान अपने-आप को कर्जमुक्त घोषित करें। किसी भी बैंक का कर्ज या अन्य कोई भी बिल अदा न करें। शीतसत्र में विधानसभा पर जनआक्रोश-हल्लाबोल आंदोलन में मॉरिस टी प्वाइंट पर जनसभा को पवार संबोधित कर रहे थे।

पवार ने कहा कि देश संकट से गुजर रहा है। सरकार संकट से निपटने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार नहीं है। जनता की समस्या को लेकर विपक्षी दलों ने हल्लाबोल आंदोलन की भूमिका अपनाई, तो मुख्यमंत्री ने धमकी भरे लहजे में कहा कि हमारे दस्तावेज उनके पास हैं। विपक्ष को जनता की समस्याओं पर आंदोलन करने का संवैधानिक अधिकार है। मुख्यमंत्री का इस तरह वक्तव्य करना उचित नहीं है। विपक्ष की आवाज दबाने की सरकार की धमकी का जनता जवाब देगी। जनता की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए सरकार बार-बार पाकिस्तान का उल्लेख करती है। BJP सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।

कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद का मोदी पर निशाना

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं को सुलझाने में BJP सरकार की कोई दिलचस्पी नहीं है। BJP की सरकार केवल चुनाव लड़ने की मशीन बन गई है। चुनाव चाहे किसी राज्य की विधानसभा का हो या स्थानीय स्तर का, प्रधानमंत्री से लेकर सभी मंत्री प्रचार में जुट जाते हैं। उनके पास जनता की समस्या सुनने और उसे सुलझाने के लिए समय नहीं है। दीक्षाभूमि से मॉरिस कॉलेज टी प्वाइंट पहुंचे जनआक्रोश-हल्लाबोल मोर्चा की जनसभा को वे संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता किसी भी पार्टी या नेता को अपने देश, प्रदेश का कारोबार चलाने के लिए चुनकर देती है। केंद्र से लेकर जिन-जिन राज्यों में BJP की सरकार है, उन्हें जनता की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। चुनाव लड़ना और जीत हासिल करना, यही उनका एजेंडा रहा है।

वादे नहीं निभाने से जनता में आक्रोश

गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सत्ता की कुर्सी में बैठा BJP का कोई भी मंत्री अपने-कार्यालय में कम और चुनाव प्रचार में अधिक समय बिताता है। चुनाव प्रचार में किए गए वादे नहीं निभाने से जनता में आक्रोश पैदा हुआ है। सभा में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति इसी आक्रोश का परिणाम है। यह जनाक्रोश आंदोलन कांग्रेस या NCP का नहीं जनता का आंदोलन है। किसानों के साथ झूठे वादे का धोखा दिया, जो किसानों का ही नहीं संपूर्ण देश का अपमान है। आजाद ने कहा कि बड़े शर्म की बात है। देश के प्रधानमंत्री अपना गृहराज्य हाथ से निकलता देख पाकिस्तान में गुजरात का मुख्यमंत्री तय करने का षड्यंत्र रचने का बयान दे रहे हैं।

Similar News