विवादित स्थल पर नहीं मिली दीपोत्सव की अनुमति

विवादित स्थल पर नहीं मिली दीपोत्सव की अनुमति

IANS News
Update: 2019-10-14 12:30 GMT
विवादित स्थल पर नहीं मिली दीपोत्सव की अनुमति

लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को अयोध्या के विवादित स्थल पर दीप जलाने की अनुमति नहीं मिल पाई। विहिप के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मंदिर के रिसीवर कमिश्नर से मुलाकात कर विवादित परिसर में दीपोत्सव मनाने के लिए अनुमति मांगी थी।

अयोध्या के कमिश्नर मनोज मिश्र ने कहा, यहां पर परंपरागत कार्यक्रम के अलावा किसी अन्य प्रकार के कोई कार्यक्रम नहीं किए जा सकते हैं, न ही उनकी अनुमति मिलेगी। इस बारे में सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट आदेश भी है। अगर विहिप चाहे तो सुप्रीम कोर्ट जा सकती है।

विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया, हम संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं। संवैधानिक दायरे में दीपक जलेगा। लेकिन यह हमारा हठ नहीं है। अगर संत चाहेंगे तो हम दीपदान कर देंगे। प्रशासन अपने आप भी दीपक जला सकता है।

प्रतिनिधिमंडल में मणिराम दास, महंत कमलनयन दास, संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास, विहिंप के प्रवक्ता शरद शर्मा व पार्षद रमेश दास सहित कई अन्य संत शामिल थे।

ज्ञात हो कि अयोध्या में विहिप द्वारा विवादित परिसर में दीप जलाने की घोषणा करने के बाद मुस्लिमों ने भी विवादित प्रांगण में नमाज पढ़ने की अनुमति मांगी थी। विवाद तथा तनाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने विवादित स्थल पर दीपोत्सव की अनुमति नहीं दी है।

इससे पहले मुस्लिम पक्षकार हाजी महबूब ने कहा कि विवादित परिसर में सुप्रीम कोर्ट का आदेश चलता है, इसलिए वहां किसी भी प्रकार के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि अगर विश्व हिंदू परिषद को अनुमति मिलती है तो मुस्लिम समाज भी नमाज पढ़ने पर विचार करेगा।

Similar News