राम मंदिर: भारत ही नहीं, दुनियाभर में देखा गया भूमिपूजन कार्यक्रम, अमेरिका और ब्रिटेन सहित इन देशों में रही सबसे ज्यादा TRP

राम मंदिर: भारत ही नहीं, दुनियाभर में देखा गया भूमिपूजन कार्यक्रम, अमेरिका और ब्रिटेन सहित इन देशों में रही सबसे ज्यादा TRP

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-06 13:44 GMT
राम मंदिर: भारत ही नहीं, दुनियाभर में देखा गया भूमिपूजन कार्यक्रम, अमेरिका और ब्रिटेन सहित इन देशों में रही सबसे ज्यादा TRP

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अयोध्या में भगवान राम मंदिर निर्माण के लिए बीते दिन हुए भूमिपूजन कार्यक्रम की धूम भारत के साथ-साथ पूरी दुनिया में रही। कार्यक्रम के लाइव टेलिकास्ट को भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में बड़े पैमाने पर देखा गया। कार्यक्रम को ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, थाइलैंड, नेपाल और दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिम जनसंख्या वाले देश इंडोनेशिया के अलावा कई देशों में टीवी स्टेशनों द्वारा दिखाया गया। टीवी चैनलों के अलावा दुनिया भर में बड़ी तादाद में लोगों ने यू-ट्यूब पर भी कार्यक्रम को देखा। भारत में इसका प्रसारण 200 से ज्यादा चैनलों पर किया गया था।

इस कार्यक्रम का मूल प्रसारण सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन ने किया था। दूरदर्शन ने बताया है कि विदेशों में इस कार्यक्रम को सबसे ज्यादा अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, नीदरलैंड, जापान, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, ओमान, कुवैत, नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलयेशिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, श्रीलंका और मॉरीशस में देखा गया। 

प्रसारण के लिए 450 मीडिया संगठनों को वितरित किए गए थे सिग्नल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब तीन दशक तक चले भारतीय जनता पार्टी के राम मंदिर के लिए आंदोलन को सफल करते हुए मंदिर का भूमि पूजन किया। इसके प्रसारण के लिए समाचार एजेंसी एशियन न्यूज एंटरनेशनल (ANI) और एसोसिएटेड प्रेस टेलीविजन न्यूज (APTN) के माध्यम से पूरी दुनिया में 450 मीडिया संगठनों को सिग्नल वितरित की गई थी। दूरदर्शन के समाचार चैनल डीडी न्यूज ने इस कार्यक्रम के दृश्य एशिया प्रशांत क्षेत्र के देशों में अलग से प्रसारित किए थे। 

टाइम्स स्क्वायर पर प्रदर्शित हुई भगवान राम की तस्वीर
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास का जश्न भारत में तो मनाया ही गया अमेरिका में रहने वाले भारतीय समुदाय ने भी इसे लेकर हर्ष व्यक्त किया। बुधवार को यहां के मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर एक विशाल स्क्रीन पर भगवान राम, भव्य मंदिर की तस्वीर और भारतीय तिरंगे को प्रदर्शित किया गया। यहां जश्न मनाने के लिए लिए बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग भी एकत्रित हुए। 

टाइम्स स्क्वायर पर लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए
प्रमुख सामुदायिक नेता एवं अमेरिकी भारत लोक मामलों की समिति के अध्यक्ष जगदीश सिहानी ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। न्यूयॉर्क और कई अन्य राज्यों से भारतीय प्रवासी शाम को टाइम्स स्क्वायर पर एकत्रित हुए थे। आयोजकों ने यहां दीये जलाने, भजन गाने और मिठाइयां बांटने की व्यवस्था की थी। लोग यहां सांस्कृतिक परिधानों में सजे-धजे नजर आए थे। लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगा अपना उत्साह जाहिर किया था।

राम मंदिर का निर्माण विश्वभर में हिंदुओं का सपना पूरा होने जैसा
सिहानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण विश्वभर में हिंदुओं का सपना पूरा होने जैसा है। छह साल पहले तक इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी, लेकिन मोदी के नेतृत्व में यह दिन आया और हम पूरे जोश के साथ इसका जश्न मनाना चाहते हैं। बता दें कि तस्वीर को पहले पूरे दिन वहां प्रदर्शित किया जाना था। उन्होंने कहा कि केवल चार घंटे भी भगवान राम की तस्वीर को वहां प्रदर्शित किया जाना ऐतिहासिक है। 

Tags:    

Similar News