रोडरेज में ट्रक ड्राईवर का कत्ल, महिला पर अश्लील फब्तियां कसने का आरोप 

रोडरेज में ट्रक ड्राईवर का कत्ल, महिला पर अश्लील फब्तियां कसने का आरोप 

Tejinder Singh
Update: 2018-04-19 13:56 GMT
रोडरेज में ट्रक ड्राईवर का कत्ल, महिला पर अश्लील फब्तियां कसने का आरोप 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ओवरटेक को लेकर हुए विवाद के बाद महिला पर अश्लील फब्तियां कसने वाले ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।वारदात पालघर जिले में भिवंडी-मनोर हाईवे पर हुई। मृत ट्रक ड्राइवर की पहचान हिरेंद्र सिंह (48) के रूप में हुई है, वह मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला था।

भिवंडी से माल लेने जा रहा था सिलवासा
सिंह भिवंडी से माल लेने सिलवासा जा रहा था। इसी दौरान खांदेश्वरी जंक्शन के पास उसका स्कूटर सवार दो महिलाओं से ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सिंह ने महिला पर अश्लील फब्तियां कसी। इसके बाद एक महिला ने अपने पति किरण भोईर को फोन कर मामले की जानकारी दी। वाडा तालुका के सपने गांव में रहने वाले भोईर ने अपने दो और दोस्तों जयेश पाटील, देवेंद्र पाटील के साथ ट्रक का पीछा किया और कुछ किलोमीटर दूरी पर जाकर ट्रक को रोक लिया।

ईंट पत्थरों से बुरी तरह पीटा
इसके बाद आरोपियों ने सिंह को ट्रक से उतारकर पहले लात घूंसों और फिर आसपास मौजूद ईंट पत्थरों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रुप से जख्मी सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने दाखिल करने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 341 के तहत एफआईआर दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक सिंह पर हमले में कुछ और स्थानीय लोग शामिल थे पुलिस उनकी भी पहचान की कोशिश कर रही है। 
 

Similar News