कश्मीर में सेना के जवानों का हंगामा, पुलिसबल को पीटा, झड़प में 7 पुलिसकर्मी जख्मी

कश्मीर में सेना के जवानों का हंगामा, पुलिसबल को पीटा, झड़प में 7 पुलिसकर्मी जख्मी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-07-22 07:24 GMT
कश्मीर में सेना के जवानों का हंगामा, पुलिसबल को पीटा, झड़प में 7 पुलिसकर्मी जख्मी

डिजिटल डेस्क,जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सेना के जवानों और पुलिस बल के बीच झड़प होने की खबर है। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना कश्मीर के गोरबंद जिले की बताई जा रही है, जहां  सैन्य कर्मियों ने एक पुलिस स्टेशन के अंदर घुसकर पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर पीटा और पुलिस रिकॉर्डों को भी नुकसान पहुंचाया है। इस घटना पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'आर्मी ने पुलिस थाने में घुसकर पुलिसवालों को क्यों पीटा? प्रशासन को इसपर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।' इस मारपीट और झड़प की वारदात में शुरुआती तौर पर सात पुलिसवाले जख्मी होना बताए गए हैं।

न्यूज एजेंसी के हवाले से कहा गया है कि घायल होने वालों में एक एएसआई भी शामिल है। उसके सिर पर गंभीर चोट है। ताजा मिली जानकारी के मुताबिक सेना के जवानों की इस हरकत के पीछे का कारण चेकप्वाइंट को लेकर झगड़ा होना था। घटना में सहायक उपनिरीक्षक सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सेना के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस घटना की जांच के लिए मौका-ए-वारदात पर पहुंच गए हैं।

जवानों के खिलाफ मामला दर्ज 

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सेना के जवानों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस झड़प में पुलिस चौकी में रखे रिकॉर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना तब हुई जब सेना के जवान अमरनाथ यात्रा के बालटाल बेस कैम्प से सादे कपडों में निजी वाहन में लौट रहे थे, तो सोनमर्ग जांच चौकी पर पुलिसकर्मियों ने रोका। लेकिन वाहन नहीं रुका और गांदेरबल की ओर आगे बढ़ने लगा। वाहक न रुकने पर सोनमर्ग पुलिस ने गुंड चांज चौकी को पूरे मामले की जानकारी दी और वहां तैनात पुलिसकर्मी को वाहन रोकने के लिए कहा। जैसे ही वाहन गुंड पहुंचा जांच चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी ने वाहन आगे नहीं बढ़ने दिया, क्योंकि यात्रा वाहनों के निकलने का वक्त बीत चुका था। इसी बात पर सेना के जवानों और पुलिस बल के बीच झड़प होना बताया गया है।  

जवानों की हरकत 

पुलिस ने सेना के जवानों को रोकते हुए बताया कि उन्हें किसी भी यात्रा वाहन को आगे नहीं बढ़ने देने के सख्त निर्देश हैं, क्योंकि आगे बढ़ने पर खतरा हो सकता है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इसके बाद जवानों ने 24 राष्ट्रीय रायफल्स की यूनिट से और जवानों को बुलाकर पुलिसबल के साथ मारपीट की। जवान यहीं नहीं थमे उन्होंने पुलिस थाने में घुसकर तोड़फोड़ की और वहां रखे रिकॉर्ड को क्षतिग्रस्त करते हुए मारपीट भी की।

 

 

 

Similar News