सैयद वसीम रिजवी ने किया राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान

सैयद वसीम रिजवी ने किया राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान

Bhaskar Hindi
Update: 2018-05-14 19:04 GMT
सैयद वसीम रिजवी ने किया राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की पैरवी करने वाले शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन सैयद वसीम रिजवी ने सोमवार को राजनीतिक पार्टी के गठन का ऐलान किया है। उन्होंने इंडिया शिया अवामी लीग के जरिये शिया समाज को सामाजिक एवं राजनीतिक अधिकार दिलाने का वादा किया है। रिजवी के इस कदम के बाद तय है कि मुसलमानों में भी अब दो अलग धड़ों की तरह वोटों का बंटवारा होगा।

शिया मुसलमानों के हित की लड़ेंगे लड़ाई
पार्टी के गठन के बाद वसीम रिजवी ने कहा कि राजनीति में हमेशा से शिया समुदाय की उपेक्षा की गई है। अपनी ही कौम में दोयम दर्जे के व्यवहार से आहत होकर उन्होंने इस पार्टी की शुरूआत की है। इस पार्टी की मदद से शिया मुसलमानों के हितों की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज में अति पिछड़ा शिया वर्ग को सामाजिक, राजनीतिक और सरकारी योजनाओं से साजिशन वंचित किया जाता रहा है। जब भी कहीं दंगे होते हैं तो शिया समुदाय का ही सबसे अधिक नुकसान होता है।  

पार्टी पंजीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू
वसीम रिजवी ने बताया कि इंडियन शिया अवामी लीग को चुनाव आयोग में पंजीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्टी ने 16 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत कर दिए हैं। जबकि उत्तर प्रदेश के 45 जिलों में जिलाध्यक्ष मनोनीत किए जा चुके हैं। देश के बाकी स्थानों पर मनोनयन की प्रक्रिया चल रही है। हर राज्य में अब शिया मुसलमानों के बीच से बड़े चेहरों को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव लडऩे की तैयारी करेगी। 

Similar News