ओरछा में 3 करोड़ से बनेगा तानसेन म्यूजियम, रामराजा की नगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने कवायत

ओरछा में 3 करोड़ से बनेगा तानसेन म्यूजियम, रामराजा की नगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने कवायत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-19 13:54 GMT
ओरछा में 3 करोड़ से बनेगा तानसेन म्यूजियम, रामराजा की नगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने कवायत
हाईलाइट
  • अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन और धार्मिक नगरी ओरछा में जल्द ही 3 करोड़ की लागत से तानसेन संग्रहालय का निर्माण होगा।
  • ग्वालियर में संगीत सम्राट तानसेन के नाम पर बनने जा रहा संगीत संग्रहालय को अब ओरछा में बनाया जाएगा। जबकि ओरछा से तानसेन का सीधा संबंध नहीं है।
  • मप्र पर्यटन निगम ने भोपाल में आयोजित बैठक में यह फैसला लिया है।

डिजिटल डेस्क टीकमगढ़। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन और धार्मिक नगरी ओरछा में जल्द ही 3 करोड़ की लागत से तानसेन संग्रहालय का निर्माण होगा। मप्र पर्यटन निगम ने भोपाल में आयोजित बैठक में यह फैसला लिया है। पहले यह संग्रहालय ग्वालियर में बनना था, लेकिन ओरछा के स्मार्ट नगरी घोषित होने के चलते इसके स्थान में परिवर्तन किया गया है। तानसेन संग्रहालय ओरछा में बन जाने से यहां के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

दरअसल ग्वालियर में संगीत सम्राट तानसेन के नाम पर बनने जा रहा संगीत संग्रहालय को अब ओरछा में बनाया जाएगा। जबकि ओरछा से तानसेन का सीधा संबंध नहीं है। वजह पर्यटन निगम से मोतीमहल स्थित पशु चिकित्सालय के दो हॉल छीनकर स्मार्ट सिटी को देना बताया जा रहा है। हैरिटेज सर्किट के तहत ग्वालियर में तानसेन संगीत संग्रहालय बनाने का निर्णय हुआ था, लेकिन इसके लिए पर्यटन निगम को अभी तक जगह नहीं मिल पाई। बताते हैं कि इसी के चलते पर्यटन निगम के अफसरों ने भोपाल में कुछ दिन पूर्व बैठक कर तय किया कि तानसेन संगीत संग्रहालय को ओरछा में शिफ्ट किया जाएगा।

इसके पहले ओरछा में साकेत संग्रहालय खोला गया था। जिसमें देश की अलग-अलग विधाओं की राम लीलाओं का प्रदर्शन किया गया था। करीब 5 साल पहले अज्ञात कारणों के चलते संग्रहालय में आग लग गई थी। जिससे पूरा संग्रहालय और प्रतिमाएं खाक हो गए थे। घटना के बाद साकेत संग्रहालय को दोबारा खोलने की मांग की जा रही है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

3 करोड़ में तैयार होना है संग्रहालय
तानसेन संगीत संग्रहालय के लिए 2.97 करोड़ रुपए की राशि इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट पर खर्च होना है। इसके साथ ही संग्रहालय में संगीत से जुड़े वाद्य यंत्रों को लाकर रखा जाएगा। ये वाद्य यंत्र ग्वालियर के अलावा प्रदेश भर से लाकर रखने की प्लानिंग की गई है। इस मामले में पर्यटन निगम के अधिकारियों का कहना है कि ग्वालियर में जगह की कमी के चलते ओरछा में संग्रहालय बनाया जाएगा। इसके नाम में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

21 अप्रैल को अधिकारी करेंगे मंथन
ओरछा में 21 अप्रैल को एक निजी होटल में अधिकारी जुटेंगे। वे मिनी स्मार्ट सिटी में शामिल ओरछा के विकास की रूपरेखा तैयार करेंगे। नगर परिषद सीएमओ दिनेश तिवारी ने बताया कि कलेक्टर की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में नगर को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने की प्लानिंग की जाएगी। बैठक में तानसेन संग्रहालय के स्थान चयन को लेकर भी विचार विमर्श किया जाएगा। मिनी स्मार्ट सिटी में शामिल रामराजा सरकार की नगरी में करीब 21 करोड़ रुपए के विकास कार्यों पर मंथन किया जाएगा।

 

Similar News