विपक्ष की एकजुटता पर गडकरी बोले- मर्द हैं, विरोधियों से डरते नहीं

विपक्ष की एकजुटता पर गडकरी बोले- मर्द हैं, विरोधियों से डरते नहीं

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-02 17:55 GMT
विपक्ष की एकजुटता पर गडकरी बोले- मर्द हैं, विरोधियों से डरते नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा है कि ढांचागत ही नहीं सामाजिक विकास के काम में भी नागपुर पीछे नहीं रहेगा। समाज विकास के कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। इन कार्यक्रमों पर और अधिक जोर दिया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नागपुर के अच्छे दिन आये हैं और भी अच्छे दिन आएंगे। युवाओं को रोजगार दिलाने के संकल्प पर भी काम हो रहा है। रोजगार के कुछ आंकड़े मिले हैं। प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष मिले रोजगार के आंकड़े भी पेश किए जाएंगे। विपक्ष के नेताओं का आरोप है कि नागपुर में सीमेंट सड़क व मेट्रो रेल का काम तो चल रहा है पर युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। समाज विकास की दिशा में कोई ठोस काम नहीं दिख रहा है।

विपक्ष के इन्हीं आरोपों पर गडकरी उत्तर दे रहे थे। शनिवार को रामदासपेठ स्थित होटल सेंटर प्वाइंट में पत्रकार वार्ता में गडकरी ने केंद्र सरकार के 4 वर्ष के विकास कार्यों की जानकारी दी। इसी दौरान नागपुर में विकास कार्यों के मामले पर गडकरी ने कहा कि विकास परियोजनाओं से प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार निर्माण के लिए सरकार ने ध्यान देते हुए 1 करोड़ लोगों को स्कील डेवलपमेंट अंतर्गत प्रशिक्षण दिया है। देश में काफी जनसंख्या बढ़ रही है। लिहाजा बेरोजगारों की संख्या भी बढ़ रही है।

मर्द हैं, विरोधियों से डरते नहीं
BJP के विरोध में विपक्ष की एकजुटता पर गडकरी ने कहा कि सब साथ आ जाये तो भी BJP पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मर्द ह, विरोधियों से डरते नहीं है। विकास का एजेंडा लेकर अगले आम चुनाव में जनता के पास जाएंंगे और बहुमत पाएंगे। गडकरी ने यह भी कहा कि उपचुनाव में भले ही विपक्ष साथ दिख रहा है पर आम चुनाव में ऐसा नहीं होगा। टिकट बंटवारे को लेकर विपक्ष को पोला फूटेगा। पोला फूटने का आशय साथ छूटने और अपनी अपनी मर्जी से भाग दौड़ से है।

नागपुर में मिहान प्रकल्प, MIDC के उद्योगों के अलावा अन्य कंपनियों में यहां के युवाओं को रोजगार मिला है। गडकरी ने कहा,5 वर्ष में 50 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया था। अगले चुनाव के पहले युवाओं को उपलब्ध रोजगार की सूची दूंगा। शहर में सामाजिक विकास कार्य के लिए विधायकों व नगरसेवकों को भी जिम्मेदारियां सौंपी जा रही है। विधायक व नगरसेवक केवल सड़क,पानी, बिजली की समस्या दूर करने तक ही सीमित नहीं है। खासदार सांस्कृतिक महोत्सव के माध्यम से विधायकों ने शहर में सांस्कृतिक क्षेत्र विकास में योगदान दिया है।

खासदार क्रीड़ा महोत्सव के माध्यम से शहर में खेल को प्रोत्साहन मिला है। 10 वीं व 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन व स्पर्धा परीक्षा की तैयारियों के बारे में प्रशिक्षण केंद्र चलाने की योजना है। शहर में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य किए जा रहे है। महिलाओं का स्वास्थ्य जांच कराकर 2000 स्तन कैंसर से पीड़ित महिलाओं का उपचार कराया जा रहा है। उद्यानों में बुजुर्ग नागरिकों के लिए नाना नानी पार्क बनाये जायेंगे। आवास योजना के तहत 3.50 लाख रूपये में गरीबों को घर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

गडकरी ने कहा कि किसानों की समस्या जटिल है। कृषि उपज को अधिक भाव नहीं मिल पाने के कारण किसानों का परेशान होना अनुचित नहीं है। आंदोलन भी होने लगे हैं, लेकिन किसानों से आव्हान करता हूं कि वे सरकार को सहयोग दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान मामले में चर्चा की है। कृषि उपज का समुचित समर्थन मूल्य दिलाने के मामले में विचार किया जा रहा है। दरअसल वैश्विक आर्थिक व्यवस्था व देश में सरप्लस उत्पादन के कारण कृषि उपज का भाव कम हुआ है। विदेशों में सस्ती दर पर मिलने वाले कृषि उपज हमारे देश में आसानी से उपलब्ध करा दिए जाते हैं। यहां के किसानों काे कृषि उपज के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को परंपरागत खेती के अलावा लाभ की खेती की ओर भी सोचना होगा।

नागपुर व भंडारा जिले में किसानों को 2 रुपए सस्ती दर पर डीजल मिलेगा। यह दर 5 रुपए तक कम करने का भी प्रयास है। पूर्ति उद्योग समूह के माध्यम से यह उपक्रम चलाया जा रहा है। राज्य में सिंचाई क्षमता बढ़ाने का काम सरकार ने किया है। जलमार्ग तैयार किए जा रहे हैं। वैनगंगा नदी में भी जलमार्ग तैयार करने का विचार चल रहा है।

Similar News