रायबरेली लोकसभा सीट: राज्यसभा जाएंगी सोनिया गांधी, कांग्रेस के गढ़ से कौन लड़ेगा चुनाव?

  • सोनिया गांधी जाएंगी राज्यसभा
  • हिमाचल या राजस्थान के सीट से कर सकती हैं नामांकन
  • रायबरेली सीट से सोनिया की जगह ये हो सकती हैं उम्मीदवार

Ritu Singh
Update: 2024-02-13 06:09 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद सोनिया गांधी कल राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजस्थान या हिमाचल प्रदेश से 14 फरवरी को नामांकन करेंगी। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान ही सोनिया गांधी ने ऐलान कर दिया था कि वह आखिरी बार आम चुनाव लड़ रही हैं। सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने से कांग्रेस का गढ़ मानी जाने वाली रायबरेली की सीट दूसरे उम्मीदवारों के लिए खाली हो जाएगी। अब अहम सवाल यह है कि सोनिया गांधी की जगह पर पार्टी किस नेता को 2024 के आम चुनाव में इस सीट पर उतारती है।

रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका गांधी

सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद रायबरेली लोकसभा सीट से उनकी बेटी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी चुनाव लड़ सकती हैं। यूपी की रायबरेली सीट कांग्रेस का गढ़ रही है और अब इस सीट के लिए प्रियंका गांधी का नाम चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक, 12 फरवरी को इंडिया गठबंधन दल के नेताओं और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के बीच आम चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हुई थी। इस दौरान प्रियंका गांधी को राज्यसभा जाने का ऑफर दिया गया जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। इसके बाद सोनिया गांधी ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने का फैसला लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी बैठक में रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतारने पर सहमति बनी है।

कांग्रेस का गढ़

उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। इस सीट से कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तीन बार सांसद रह चुकी हैं। इसके अलावा फिरोज गांधी, अरूण नेहरू और सोनिया गांधी जैसे कांग्रेस नेताओं ने रायबरेली सीट से चुनाव लड़ा और लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। इस सीट पर कांग्रेस ने 16 बार जीत दर्ज की है वहीं भाजपा के अशोक सिंह ने 2 बार और राजनारायण ने 1 बार जीत हासिल की है। सोनिया गांधी 2004 से अबतक 5 बार इस वीआईपी सीट से लोकसभा में निर्वाचित हो चुकी हैं।

Tags:    

Similar News