बॉडी डबल का आरोप: राहुल गांधी को लेकर एक्शन मोड में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, जल्द ही उनके बॉडी डबल की जानकारी देने का किया एलान

  • मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर लगाया था बड़ा आरोप
  • भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल के डबल बॉडी का उपयोग
  • मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा जल्द ही दूंगा पूरी जानकारी

Shiv Pathak
Update: 2024-01-28 11:02 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी लगातार जारी है। पिछले दिनों राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए असम में थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ कई तीखे बयान दिए। जिसके जवाब में सीएम सरमा ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया था। इस बीच असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस पर यात्रा के दौरान राहुल गांधी का डुप्लीकेट इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। अपने इसी आरोप को लेकर सरमा ने एक बार फिर से बयान दिया है।

सीएम सरमा देंगे राहुल के डुप्लीकेट की जानकारी

असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी के हमशक्ल का उपयोग करने के आरोप को लेकर मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि वह ऐसे ही कोई बात नहीं बोलते हैं। राहुल गांधी का हमशक्ल कौन था और उसका उपयोग कैसे किया गया। इसकी पूरी जानकारी वह जल्द ही बताएंगे। उन्होंने कहा कि वह अपनी दो दिन की डिब्रूगढ़ यात्रा खत्म करके गुवाहाटी पहुंचने के बाद राहुल गांधी के डुप्लीकेट की जानकारी शेयर करेंगे।

राहुल के डुप्लीकेट उपयोग का लगाया था आरोप

इससे पहले उन्होंने कांग्रेस पर अपनी यात्रा के दौरान बस में राहुल गांधी के बॉडी डबल का उपयोग करने का आरोप लगाया था। दरअसल, न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से एक वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें असम के मुख्यमंत्री सरमा ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा था, "बस में सामने जो राहुल गांधी दिखाई दे रहे हैं। वह असली राहुल गांधी नहीं हैं। राहुल गांधी अंदर आठ लोगों के बैठने वाले एक कमरे में रहते हैं।"

राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर भी दिया था बयान

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी को लेकर बयान दिया है। कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री के आदेश के बाद असम में राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। जिसके बाद सरमा ने कहा था, "हमने एफआईआर दर्ज कर ली है। एक विशेष जांच दल तफ्तीश करेगा और उन्हें (राहुल गांधी को) लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। हम अभी ऐसा करते हैं तो कांग्रेस इसे राजनीतिक बदले की भावना के तहत की गई कार्रवाई बोलेगी।"

Tags:    

Similar News