राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी आज राज्यसभा का नामांकन दाखिल करेंगी

  • दिल्ली से रवाना हुई सोनिया गांधी
  • राजस्थान के जयपुर में दाखिल करेंगी नामांकन
  • राजस्थान की चर्चा पूरे देश और दुनिया भर में होगी-गहलोत

ANAND VANI
Update: 2024-02-14 03:42 GMT

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी आज बुधवार 14 फरवरी को राज्यसभा का नामांकन दाखिल करेंगी। गांधी राज्यसभा का चुनाव राजस्थान से लड़ने जा रही है। राजस्थान से चुनाव लड़ने का ये फैसला देर रात तय हुआ। इससे पहले हिमाचल प्रदेश से भी चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे। सोनिया गांधी  राजस्थान में नामांकन दाखिल करने के लिए दिल्ली से रवाना हो गई। वह आज राजस्थान के जयपुर में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

आपको बता दें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राज्यसभा जाएंगी। उच्च सदन में जाने के लिए उन्होंने राजस्थान को चुना है। 29 जनवरी को इसकी घोषणा हुई थी कि देश के 15 राज्यों में 56 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। सभी 56 सीटों के लिए 27 फरवरी को मतदान होगा। इनमें से राजस्थान की तीन सीटों पर सदस्यों का चुनाव होना है।उच्च सदन के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

56 सीटों में से 10 सीटें कांग्रेस के लिए सुरक्षित हैं। यानी इन सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार का जीतना पक्का है। राजस्थान की एक सीट भी इन्हीं पक्की सीटों में शुमार है, इसलिए सोनिया गांधी को राजस्थान से राज्यसभा का चुनाव लड़ाया जा रहा है। सोनिया वर्तमान में रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं। उनके राज्यसभा सदस्य बनने से ये लोकसभा कांग्रेस पार्टी के अन्य किसी नेता के लिए खाली हो जाएगी। अटकलें लगाई जा रही है कि रायबरेली से सोनिया गांधी के बेटी प्रियंका गांधी लोकसभा चुनावी मैदान में उतर सकती है। क्योंकि रायबरेली कांग्रेस का गढ़ रहा है।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के जयपुर से राज्यसभा नामांकन दाखिल करने पर राजस्थान के पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "वह किसी भी राज्य में जा सकती थीं और राज्यसभा सदस्य बन सकती थीं, लेकिन अगर उन्होंने राजस्थान को चुना है, तो यह खबर दुनिया भर में जाएगी कि सोनिया गांधी ने राजस्थान चुना है। राजस्थान की चर्चा पूरे देश और दुनिया भर में होगी। इतना अनुभवी कोई व्यक्ति यहां अपना नामांकन दाखिल करने आ रहा है। आप कल्पना कर सकते हैं कि हम सब कितने गौरवान्वित हैं। एनडीए सरकार भी अब सतर्क हो जायेगी।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राजस्थान से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। उनके कार्यकाल का पूरा होने से ये सीट रिक्त हो गई है। मनमोहन सिंह ने अब आगे सदस्य बनने से मना कर दिया है। अब राजस्थान से सोनिया गांधी उच्च सदन में जाएंगी। पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह और बीजेपी के भूपेंद्र सिंह का राज्यसभा का कार्यकाल 3 अप्रैल को पूरा होने जा रहा है। वहीं बीजेपी नेता किरोड़ी लाल मीणा ने विधानसभा सदस्य निर्वाचित होने से राज्यसभा की सदस्ता छोड़ दी। इस प्रकार राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीट खाली हुई है। तीन में से एक पर कांग्रेस तो दो पर बीजेपी सदस्यों के राज्यसभा निर्वाचित होना तय है।   

Tags:    

Similar News