लोकसभा चुनाव बिहार: महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर बनी बात, कांग्रेस को 9, लेफ्ट को 5 तो आरजेडी के हिस्से सबसे ज्यादा 26 सीटें

  • महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर बनी बात
  • सबसे ज्यादा 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आरजेडी
  • कांग्रेस को 9 तो लेफ्ट पार्टियों के हिस्से 5 सीटें

Ritu Singh
Update: 2024-03-29 09:05 GMT

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट शेयरिंग पर बात बन गई है। विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीट शेयरिंग फार्मूला का ऐलान कर दिया है। महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट शेयरिंग पर फाइनल मुहर लगने के बाद हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए पप्पू यादव के साथ-साथ कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को भी जोरदार झटका लगा है। महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट शेयरिंग पर बनी सहमति के बाद बेगूसराय से कन्हैया कुमार का टिकट कट गया है। दूसरी तरफ पूर्णिया लोकसभा सीट पर दावेदारी पेश करने वाले पप्पू सिंह का भी पत्ता कट गया है। पूर्णिया के अलावा मधेपुरा सीट भी कांग्रेस के हाथों से फिसल चुका है। पूर्णिया और मधेपुरा सीट पर आरजेडी अपना उम्मीदवार उतारेगी।

सबसे ज्यादा 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आरजेडी

बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। इन 40 सीटों में से सबसे ज्यादा 26 सीटें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के खाते में आई है। आरजेडी बिहार के गया, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, बक्सर, पाटलिपुत्र, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, सारण, सीवान, मुंगेर, जमुई, बांका, वाल्मिकी नगर, गोपालगंज, उजियारपुर, दरभंगा, मधुबनी, झंझारपुर, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, और हाजीपुर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस के हिस्से आई 9 सीटें

कांग्रेस पार्टी बिहार के 9 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस के हिस्से में बिहार की किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिमी चंपारण, पटना साहिब, सासाराम और महराजगंज लोकसभा सीटें आई है। पप्पू यादव ने कुछ समय पहले ही कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर पूर्णिया सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। हालांकि, पूर्णिया से पप्पू यादव और बेगूसराय से कन्हैया कुमार का टिकट कट गया है क्योंकि इन सीटों पर आरजेडी अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है।

लेफ्ट के खाते में 5 सीट

गठबंधन में शामिल लेफ्ट पार्टियों के खाते में कुल 5 सीट आई है। सीपीएम के हिस्से सिर्फ एक सीट खगड़िया लोकसभा सीट आई है। वहीं सीपीआई (एमएल) आरा सहित तीन लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के हिस्से में जो तीन सीटें आई हैं उनमें आरा, काराकाट और नालंदा लोकसभा सीटें शामिल है। सीपीआई को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सिर्फ एक बेगूसराय सीट दी गई है। कांग्रेस की तरफ से कन्हैया कुमार की इस सीट पर दावेदारी थी।

Tags:    

Similar News