विवादित बयान: पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम का विवादित बयान, कहा - 'जो मोदी के साथ खड़े नहीं होंगे, वो देशद्रोही कहलाएंगे'

  • आचार्य प्रमोद कृष्णम का विवादित बयान
  • 'जो मोदी के साथ खड़े नहीं होंगे, वो देशद्रोही कहलाएंगे'
  • राहुल गांधी पर साधा निशाना

Ritu Singh
Update: 2024-05-06 08:55 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम का एक विवादित बयान सामने आया है। वह इसी साल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। संभल के कल्कि धाम के पीठाधीश्वर और भाजपा नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा है कि जो पीएम मोदी के साथ खड़ा नहीं होगा वह देशद्रोही कहलाएगा। कृष्णम के इस विवादित बोल से सियासी गलियारों में तूफान आना तय है। इसके अलावा पूर्व कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है। बता दें कि 22 जनवरी को राम मंदिर कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के शामिल नहीं होने पर पूर्व कांग्रेस नेता पार्टी से न सिर्फ खफा हुए बल्कि अपनी नाराजगी कई बार खुल कर जाहिर भी किया था।

'... वो देशद्रोही कहलाएंगे'

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा है कि वर्तमान समय में धर्मयुद्ध चल रहा है। उन्होंने अपने विवादित बयान में पीएम मोदी के साथ नहीं खड़े होने वालों को देशद्रोही करार दिया है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, "यह धर्मयुद्ध है। जो राम का नहीं है, वो राष्ट्र का नहीं हो सकता है। अगर इस चुनाव में जो भी लोग इस देश को प्यार करते हैं, वो सब के सब पीएम नरेंद्र मोदी के साथ खड़े नजर आएंगे। जो मोदी के साथ खड़े नहीं होंगे, वो देशद्रोही कहलाएंगे।"

पलट जाएगा राम मंदिर का फैसला!

संभल के कल्कि धाम के पीठाधीश्वर और भाजपा नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस नेता को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि राहुल राम मंदिर का फैसला पलट देंगे। आचार्य प्रमोद ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, "जब राम मंदिर पर फैसला आया तो राहुल गांधी ने अमेरिका में रहने वाले एक शुभचिंतक के इशारे पर कहा था कि हमारी सरकार बनती है तो हम सुपरपावर कमीशन बनाकर राम मंदिर के फैसले को पलट देंगे। जब शाह बानो का फैसला पलटा जा सकता है तो राम मंदिर का फैसला क्यों नहीं?"

Tags:    

Similar News