पुंछ आतंकी हमला: वायुसेना पर हमले को भाजपा का पॉलिटिकल स्टंट बताने पर पूर्व सीएम का यू-टर्न, एक्स पर दी सफाई

  • जम्मू कश्मीर के पूंछ में 4 मई को वायुसेना के काफिले पर आतंकी हमला
  • हमले को पंजाब के पूर्व सीएम ने बताया भाजपा का चुनावी स्टंट
  • सोशल मीडिया एक्स पर किया ट्वीट

Surbhit Singh
Update: 2024-05-06 12:27 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुंछ में शनिवार को वायु सेना के काफिले पर आतंकियों ने अपने हमले को अंजाम दिया था। जिसमें एक जवान शहीद और 4 जवान घायल हो गए थे। इस हमले को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जलांधर सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने भाजपा का चुनावी स्टंट बताया था। चन्नी के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में सियासी सरगर्मी बढ़ा दी थी। इसके बाद अब उन्होंने अपने बयान को लेकर सफाई दी है। चन्नी ने कहा है कि इस मुद्दे पर मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरे कहने का मतलब था कि साल 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान भी इसी तरह का हमला हुआ था। उस वक्त भाजपा ने हमले की जांच नहीं कराई थी। इतने साल बीत गए मगर आज तक हमले में कौन लोग शामिल थे। इसके बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हो पाई है।

चन्नी ने एक्स पर शेयर किया वीडियो

इसके अलावा चरणजीत सिंह चन्नी ने सोशल मीडिया एक्स पर कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए पंजाब प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ का एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पिछले आतंकी हमले पर उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस वीडियो में चन्नी ने जाखड़ पर डबल स्टैंडर्ड करने का आरोप लगाया है। इस हमले को जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी इसे पॉलिटिकल स्टंट बताया था।

चन्नी ने पिछले आतंकी हमले का किया जिक्र 

पंजाब के पूर्व सीएम ने एक्स पर अपने ट्वीट में लिखा कि हमे अपने देश के जवान पर गर्व है। उन्होंने लिखा मैंने अपने बयान में कहा था कि पिछले लोकसभा चुनाव के वक्त पुलवामा हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इस हमले के बाद से आज तक साजिशकर्ताओं के बारे में कुछ नहीं पता चल पाया है। इस बार फिर से चुनाव के बीच इस तरह का हमले में एक जवान भी शहीद हो चुका है। चन्नी ने अपने पोस्ट में लिखा, "मैं पूछना चाहता हूं कि यह कौन लोग हैं जो हमला करवा रहे हैं। आज उन्हें सामने लेकर क्यों नहीं आते हैं। पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक ने कहा था कि यह हमले राजनीतिक हैं और ऐसे हमले फिर से हो सकते हैं। मैं भाजपा से कह रहा हूं कि आप इधर-उधर की बात न करें...यह बताएं कि यह कैसे हुआ? हर बार ऐसा क्यों हो रहा है। सरकार का इंटेलिजेंस फेलियर क्यों है?" 

Tags:    

Similar News