अश्लील वीडियो मामला: 'प्रज्वल रेवन्ना को पकड़ना कांग्रेस सरकार की जिम्मेदारी', कर्नाटक सेक्स स्कैंडल पर गृह मंत्री अमित शाह की पहली प्रतिक्रिया

  • कर्नाटक सेक्स स्कैंडल पर अमित शाह का बड़ा बयान
  • कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी कर्नाटक सरकार की- अमित शाह
  • कर्नाटक सरकार ने रेवन्ना को नहीं पकड़ा- अमित शाह

Dablu Kumar
Update: 2024-05-01 14:52 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े अश्लील वीडियो पर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले के बारे में बहुत पहले से जानती थी। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में प्रज्वल रेवन्ना को पकड़ने की जिम्मेदारी कर्नाटक के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, उप मुख्यमंत्री की है।

अमित शाह का बयान

बीजेपी नेता अमित शाह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "कर्नाटक में सरकार कांग्रेस पार्टी की है। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी उनकी है। वे इसके बारे में महीनों से जानते थे। लेकिन वोक्कालिंगा मतदान समाप्त होने तक उन्होंने उसे नहीं पकड़ा। उन्होंने उसे भागने दिया, इसके लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, उपमुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।"

जानें पूरा मामला

दक्षिण में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत कर्नाटक की हासन सीट में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। इस सीट से राज्य में भाजपा और जनता दल सेक्युलर गठबंधन के प्रत्याशी प्रज्वल रेवन्ना ने यहां से चुनाव लड़ा था। इसके बाद प्रज्वल विदेश के लिए रवाना हो गए थे। पहले चरण का मतदान होने के महज कुछ दिनों बाद ही कर्नाटक अश्लील वीडियो कांड की खबरें सुर्खियों में छा गई । इस मामले मे अब एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है।

बेटे और पिता को भेजा नोटिस

एसआईटी ने मंगलवार को कर्नाटक के इस स्कैंडल में फंसे प्रजव्ल रेवन्ना को नोटिस जारी किया था। इसके बाद बुधवार को हासन सांसद ने एक्स के जरिए पहला आधिकारिक बयान दिया है। इस मामले में प्रज्वल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद एसआईटी का गठन किया गया। इसके बाद एसआईटी ने मंगलवार को प्रज्वल रेवन्ना और उनके पिता एचडी रेवन्ना को नेटिस भेजा था। एचडी रेवन्ना जनता दल सेक्युलर पार्टी के विधायक और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा के बेटे हैं। इस मामले को लेकर न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इसके मुताबिक एसआईटी ने दोनों नेताओं को मामले की जांच के लिए नोटिस जारी किया था।

राहुल गांधी सरासर झूठ बोल रहे हैं- अमित शाह

कर्नाटक के हावेरी में रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "दक्षिण भारत के 5 राज्यों में हम कांग्रेस से ज्यादा सीटें जीतेंगे।" उन्होंने कहा, "जनता सब कुछ जानती और समझती है। 16 साल तक हमने आरक्षण को नहीं छुआ और हम इसे छूना भी नहीं चाहते। वे (कांग्रेस) हताश हैं इसलिए उन्होंने मेरा वीडियो एडिट किया और इसे गलत तरीके से लोगों के सामने पेश करने की कोशिश की।"

अमित शाह ने संविधान को लेकर राहुल गांधी द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोप पर कहा, "राहुल गांधी सरासर झूठ बोल रहे हैं। हमारे पास 10 साल से बहुमत है, हमने संविधान का क्या किया? हमने अपने बहुमत का उपयोग धारा 370 और तीन तलाक को खत्म करने और देश को मजबूत करने में किया... वे 400 पार के नारे से डर गए हैं इसलिए इस तरह की भ्रांति फैला रहे हैं।"

Tags:    

Similar News