Bhaskar Hindi
Update: 2020-12-23 12:48 GMT

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार हुए जिला विकास परिषद (DDC) के चुनाव परिणाम से भारतीय जनता पार्टी के हौसले बुलंद हैं। जम्मू के साथ-साथ कश्मीर घाटी में पहली बार बीजेपी का भगवा रंग चढ़ा और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पार्टी तीन सीटें जीतने में सफल रही। भाजपा 75 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, भाजपा के पूर्व मंत्री श्याम लाल चौधरी 11 वोटों से हार गए। वे जम्मू जिले की सुचेतगढ़ सीट से लड़े थे। वहीं पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लरेशन (PAGD) को 110 सीटों पर जीत मिली है, लेकिन वह बहुमत से दूर है।

कुल मिलाकर बात की जाए, तो जम्मू संभाग में भाजपा तो वहीं कश्मीर घाटी में गुपकार गठबंधन ने परचम लहराया। भाजपा ने पहली बार घाटी में कमल खिलाया है। चुनाव में कांग्रेस का पहले से बेहतर प्रदर्शन रहा, जबकि नवगठित जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी भी खाता खोलने में सफल रही। डीडीसी चुनाव की सभी सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। 278 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। डीडीसी चुनावों में भाजपा 75 सीटों के साथ सबसे आगे है।

गुपकर को सबसे ज्यादा 122 सीटें मिलीं
गुपकार अलायंस की बात करें तो इसमें सबसे ज्यादा 67 सीटें JK NC, 27 सीटें PDP, 12 सीटें JKAP, 08 सीटें JKPC, 05 सीटें CPI(M), 03 सीटें JKPM को मिली हैं। इन सभी पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। उधर, महबूबा मुफ्ती की पार्टी PDP के नेता वहीद पारा चुनाव जीत गए हैं। उन्हें कुछ दिनों पहले NIA ने गिरफ्तार किया था। जीत से उत्साहित गुपकार अलायंस ने कहा- यह अनुच्छेद 370 पर रेफरेंडम है। इसी प्रकार कांग्रेस-26, बसपा-01 व पैंथर्स एक सीट जीतने में सफल रही। निर्दलियों ने 50 सीटों पर कब्जा जमाया है। 

रविशंकर बोले- घाटी में खिल गया कम
वहीं, पार्टी की जीत से गदगद केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि घाटी में कमल खिल गया है। प्रसाद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हुए डीडीसी चुनाव में पार्टी को मिली जीत लोकतंत्र और आशा की जीत है। उन्होंने कहा कि यह कश्मीर के भविष्य की सोच की जीत है। गुपकार गठबंधन पर हमला बोलते हुए रविशंकर ने कहा, गुपकार कमजोर दलों को गठबंधन है। उन्होंने कहा कि डीडीसी चुनाव में भाजपा को चार लाख, 87 हजार, 364 वोट हासिल हुए हैं। इस तरह हम कह सकते हैं कि घाटी में कमल खिल गया है।

गुपकार गैंग नहीं दे पाया मोदी जी को चुनौती: अनुराग ठाकुर
वहीं, जम्मू-कश्मीर में डीडीसी चुनावों के भाजपा प्रभारी अनुराग ठाकुर ने कहा कि डीडीसी चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 51 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई। जो पिछले चुनावों की तुलना में बहुत अच्छी थी। गुपकार गैंग में बहुत से दल इकट्ठा होकर भी भाजपा और मोदी जी को चुनौती नहीं दे पाए। भाजपा को जम्मू कश्मीर में 74 सीटें मिलीं जोकि सबसे ज्यादा है।  

जम्मू-कश्मीर में 51% वोटिंग हुई
आर्टिकल 370 हटने के बाद यहां पहली बार हुए चुनाव हुए। गुपकार अलायंस के तहत 6 पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। जम्मू-कश्मीर में DDC की 280, वार्ड की 234 और पंच-सरपंच की 12,153 सीटों के लिए 8 फेज में चुनाव हुए थे। इनमें 51% वोटिंग हुई थी। 28 नवंबर को पहले फेज की वोटिंग हुई थी, जबकि 19 दिसंबर को 8वें और आखिरी फेज की वोटिंग हुई थी।

किस फेज में कितने वोट पड़े थे?
पहला फेज :
 51.79%
दूसरा फेज: 48.62%
तीसरा फेज: 50.53%
चौथा फेज: 50.08%
पांचवां फेज: 51.20%
छठा फेज: 51.51%
सातवां फेज: 57.22%
आठवां फेज: 51.5%

Tags:    

Similar News